आर्थिक मंदी के दौर में जहां कंपनियां अपने उत्पादों के लिए उपभोक्ता की तलाश में जुटी हैं। वहीं देश की ऑटो इंडस्ट्री के बिक्री के आंकड़ें इस बात की ओर दर्शाते हैं कि विश्व आर्थिक परिदृश्य में सुखद बदलाव हो रहे हैं। मौजूदा कारोबारी साल के जुलाई महीने में देश के ऑटो सेक्टर की सभी मुख्य कंपनियों ने बिक्री में बढ़ोतरी दर्ज की।
सुजूकी मोटरसाइकिल इंडिया के बिक्री में 20.35 प्रतिशत की वृद्धि
देश की दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी सुजूकी मोटरसाइकिल इंडिया ने जुलाई महीने के बिक्री में 20.35 फीसदी की बढ़त दर्ज की, जो 12585 इकाई हो गई। वहीं कंपनी पिछले साल के जुलाई महीने में 10457 इकाई वाहन बेचने में सफल रही थी।
इंडिया यमाहा मोटर की बिक्री में 47 फीसदी का इजाफा
मौजूदा कारोबारी साल के जुलाई महीने में इंडिया यमाहा मोटर ने बिक्री में 46.45 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की, जो 17316 इकाई रहा। वहीं कंपनी ने जुलाई 2008 में 11792 इकाई वाहन बेचे थे।
टीवीएस के जुलाई महीने की बिक्री में 2.07 प्रतिशत का इजाफा
टीवीएस मोटर कंपनी जुलाई महीने में कुल 120994 इकाई दोपहिया वाहन बेचने में सफल रही, जो कि पिछले साल के समान अवधि में बेचे गए 118545 इकाई वाहन के मुकाबले 2.07 फीसदी ज्यादा है। आलोच्य महीने में कंपनी को 42998 इकाई मोटरसाइकिल बेचने में सफलता मिली। हालांकि यह आंकड़ा जुलाई 2008 के 54042 इकाई की तुलना में 20.44 प्रतिशत कम है।
मारुति सुजूकी के जुलाई महीने की बिक्री 33.36 प्रतिशत बढ़ी
देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजूकी इंडिया लिमिटेड ने प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि जुलाई माह में उसके वाहनों की बिक्री में 33.36 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। कंपनी ने जुलाई महीने में 78074 इकाई वाहन बेचे हैं जबकि पिछले साल के समान महीने में कंपनी 58543 इकाई वाहन बेचने में सफल रही थी। घरेलू बाजार में जुलाई महीने में कंपनी की बिक्री में 27.63 प्रतिशत का इजाफा हुआ, जो 67528 इकाई रह गई। समीक्षाधीन माह में बिक्री में दर्ज की गई वृद्धि में कंपनी द्वारा निर्यात किए गए 10546 इकाई वाहन की अहम भूमिका रही, जिसमें 87.25 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
जुलाई में बजाज ऑटो की बिक्री में लगभग स्थिरता
देश की दूसरी सबसे बड़ी दोपहिया वाहन उत्पादन करने वाली कंपनी बजाज ऑटो ने जुलाई महीने में 168731 इकाई वाहन बेचने में सफल रही, जो कि पिछले साल के समान अवधि के बिक्री की तुलना में 0.72 प्रतिशत कम रही। वहीं कंपनी ने तिपहिया वाहन की बिक्री में 1.5 फीसदी की बढ़त दर्ज की, जो 23733 इकाई रही। कंपनी ने 17 जुलाई को डिस्कवर डीटीएस-एसआई मॉडल लॉन्च किया था और महीने के अंत तक कंपनी ने इस ब्रांड के 10,000 इकाई वाहन बेचे।