फिल्म ‘वॉट्स योर राशि’ की निर्माता कंपनी और निर्देशक आशुतोष गोवारीकर के बीच कुछ मतभेद उभर आए हैं। इसकी वजह बना है फिल्म का प्रोमो, जिसमें फिल्म की यूएसपी बताए जा रहे प्रियंका चोपड़ा के बारह रूप आशुतोष ने सार्वजनिक कर दिए हैं।
इंडस्ट्री में यह चर्चा जोरों पर है कि निर्देशक आशुतोष गोवारीकर और उनकी नई फिल्म ‘वॉट्स योर राशि’ की निर्माता कंपनी के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। बताते हैं कि फिल्म के प्रोमो को लेकर निर्देशक और कंपनी के बीच मतभेद उभरे हैं। कंपनी को यह बात हजम नहीं हुई है कि आशुतोष ने फिल्म के सरप्राइज एलीमेंट की परवाह किए बगैर प्रोमो में प्रियंका के बारह रूप सार्वजनिक कर दिए।
गौरतलब है कि फिल्म में प्रियंका चोपड़ा बारह राशियों का प्रतिनिधित्व करते हुए अलग-अलग बारह भूमिकाएं निभाती नजर आएंगी। इसी को फिल्म की यूएसपी करार दिया जा रहा था। अब जब प्रोमो ने प्रियंका के लुक को सार्वजनिक कर दिया है, तो निर्माता कंपनी को समझ नहीं आ रहा है कि वह आगे चलकर फिल्म के प्रति दर्शकों में रुचि कैसे जगाएगी। यही बात उसके और आशुतोष के बीच मतभेद का कारण है। आशुतोष इससे बेफिक्र होकर फिल्म के बाकी काम निपटाने में लगे हैं।