संयम बरतो अनिल, मुकेश ने तोड़ी चुप्पी
एजेंसी Saturday, August 08, 2009 01:48 [IST]  

मुंबई. बड़े भाई मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने छोटे भाई को सलाह दी है कि गैस विवाद अदालत में तय होने दो और संयम बरतो। रिलायंस ने एक बयान जारी किया है। इसमें अनिल अंबानी से कहा गया है कि वे संयम बरतें और गैस विवाद को सुप्रीम कोर्ट को हल करने दें। रिलायंस ने कहा कि अनिल अंबानी ने अपने मीडिया अभियान के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के खिलाफ कुछ व्यक्तिगत टिप्पणियां की हैं। दूसरी तरफ मुकेश अंबानी अपने भाई की टिप्पणियों से दुखी हैं। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने मीडिया से भी आग्रह किया कि उनके (मुकेश अंबानी) प्रतिक्रिया नहीं करने के फैसले का सम्मान करे।



रिलायंस इंडस्ट्रीज से गैस 2.34 डॉलर प्रति एमबीटीयू की दर से हासिल करने के प्रयास में अनिल अंबानी अदालत के बाहर और भीतर पिछले दिनों लगातार बोलते रहे हैं। अनिल ने कई व्यक्तिगत आरोप भी लगाए थे। इनमें कहा गया था कि पेट्रोलियम मंत्रालय रिलायंस इंडस्ट्रीज को 50,000 करोड़ रुपए का लाभ कमाने में मदद कर रहा है। यह भी कहा गया था कि मुकेश ने विवाद हल करने में मां की किसी भी भूमिका को अस्वीकार कर दिया है। रिलायंस ने अनिल अंबानी के इन आरोपों का खंडन किया। साथ ही इन्हें निराधार व पूर्वनियोजित करार दिया।



रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कहा है कि सार्वजनिक तौर पर दिए गए ये बयान वास्तव में कानूनी मसले को सार्वजनिक रंग देने की कोशिश है। रिलायंस ने कहा है कि अनिल का बयान सुप्रीम कोर्ट के सामने लंबित एक मसले पर सार्वजनिक बहस और पहले ही फैसला सुनाने का सुनियोजित अभियान है। रिलायंस ने जोर दिया है कि कि कानूनी सलाहकारों ने सुप्रीम कोर्ट के अधीन मसले पर राय व्यक्त करने से बचना चाहिए।

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: