भले ही इम्तियाज अली निर्देशित फिल्म ‘लव आज कल’ सैफ अली खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म करार दी जा रही हो, लेकिन इससे कोई इंकार नहीं कर सकता है कि ब्राजीली बाला गिजेल मोंटेरियो भी अपना प्रभाव छोड़ने में सफल रही हैं। उन्हें दर्शकों ने सराहा है और यही वजह है कि वह अपने बॉलीवुड कॅरियर को लेकर योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ना चाहती हैं।
उन्होंने भविष्य में आमिर खान के साथ काम करने की इच्छा जाहिर की है। यह अलग बात है उन्हें न तो हिंदी समझ आती है और न ही वह बोल पाती हैं। इस बारे में गिजेल कहती हैं, ‘मैं आमिर खान की बहुत बड़ी प्रशंसक बन गई हूं। मैंने उनकी कुछ फिल्में देखी हैं और उनके साथ काम करने की तमन्ना रखती हूं।’
आमिर के अलावा यह ब्राजीली सुंदरी अपने सह कलाकार सैफ अली खान से भी खासी प्रभावित हैं। उनका मानना है कि सैफ ने फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें काफी सहयोग प्रदान किया। वह कहती हैं, ‘सैफ न सिर्फ अच्छे कलाकार हैं, बल्कि एक अच्छे इंसान भी हैं। मुझे उनके साथ काम करते हुए काफी कुछ सीखने को भी मिला है।’