Indians Abroad
आस्ट्रेलिया में दो भारतीय छात्रों पर फिर हमला
Agency Tuesday, August 11, 2009 00:37 [IST]  

मेलबोर्न. आस्ट्रेलियाई सरकार की ओर से बार-बार दिए जा रहे आश्वासनों के बावजूद यहां भारतीय छात्रों पर होने वाले हमले नहीं रुक पा रहे हैं। इसी क्रम में यहां दो और भारतीय छात्रों पर हमले हुए हैं जिसमें एक मध्यप्रदेश और और दूसरा पंजाब का रहने वाला छात्र है।



हेयरड्रेसिंग का कोर्स कर रहे गौरव कक्कड़ नामक भारतीय छात्र पर शुक्रवार को अज्ञात हमलावरों ने उस समय हमला कर दिया जब वह एक टेलीफोन बूथ से पंजाब के फिरोजपुर में अपने परिजनों बात कर रहा था। गौरव के अनुसार इस हमले में कुछ युवकों ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर छिड़क दिया था और मारपीट करने के बाद उसका पर्स छीनकर भाग गए थे।



इसके बाद उसने मदद के लिए पुलिस को फोन किया था। गौरव की देखभाल कर रहे विकास शर्मा ने बताया कि उसे अस्पताल से छुट्टी मिल गई ह्रै, लेकिन उसे अभी एक आंख से साफ नहीं दिखाई दे रहा है साथ में चलने में भी उसे दिक्कत हो रही है।



शुक्रवार को हुए एक अन्य हमले में कुछ युवकों ने मध्यप्रदेश के इंदौर के छात्र मोहित मंगल के सिर पर पीछे से बीयर की बोतल से और कमर व पैरों पर बेसबॉल के बैट से हमलाकर घायल कर दिया था।



इन हमलों के बाद अब आस्ट्रेलिया में पिछले दो महीनों से भी अधिक समय में भारतीय छात्रों पर होने वाले हमलों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। आस्ट्रेलिया के दौरे पर भारतीय विदेश मंत्री एसएम कृष्णा को प्रधानमंत्री केविन रड ने भारतीय छात्रों की सुरक्षा का भरोसा दिलाया है।



फर्जी शिक्षण संस्थान हैं जिम्मेदार : कृष्णा



भारत के विदेश मंत्री एसएम कृष्णा ने आस्ट्रेलिया में चल रहे ‘फर्जी’ शिक्षा संस्थानों को भारतीय छात्रों की जिंदगी खराब करने वाला बताया है। कृष्णा ने कहा कि इसकी रोकथाम के लिए उन्होंने आस्ट्रेलियाई सरकार को नए नियम बनाकर निजी शिक्षण संस्थानों को भी इसके दायरे में लाने को कहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय छात्रों पर हमले और यहां पढ़ाए जा रहे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की निम्न दर्जे की गुणवत्ता भारत के लिए चिंता की बात है।



नहीं डरें भारतीयों के परिजन : मोहित

‘मैं बिल्कुल ठीक हूं। मेरे साथ जो हुआ वह भारत में भी मेरे साथ हो सकता था। इस वजह से मैं अपनी पढ़ाई छोड़कर भारत नहीं लौटूंगा। आस्ट्रेलिया में पढ़ रहे भारतीयों के परिजनों को ऐसी घटनाओं से बिल्कुल नहीं डरना चाहिए।’

- मोहित मंगल, आस्ट्रेलिया में हमले का शिकार इंदौर का छात्र

(जैसा ‘भास्कर’ को फोन पर बताया)

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: