लंदन. गूगल ने अपने नए ऑन लाइन सर्च इंजन के वर्जन का खुलासा करते हुए दावा किया है कि यह अब तक के सभी संस्करणों से तेज गति वाला सर्च इंजन साबित होगा। कम समय में यह अधिक परिणाम देगा। हालाकि यह नया सर्च इंजन भी प्रचलित सर्च इंजन की ही तरह दिखाई दे रहा है।
गूगल के इंजीनियरों ने इस नए सर्च इंजन का नाम कैफीन दिया है। उनका कहना है कि इसमें किए गए बड़े पर्वितन साधारण यूजर के लिए अधिक सुविधाजनक और उपयोगी होंगे। इस नए वर्जन में एक नई विशेषता ड्राप डाउन मैन्यू है जो उस वक्त सामने आता है जब आप सर्च के लिए कोई की बटन दबाते हैं।
जैसे आप यदि लंदन टाइप करते हैं तो आपके सामने लंदन ब्रोइल, लंदन वेदर और लंदन आई भी विकल्प के तौर पर सामने उभरते हैं। गूगल ने अपने इस नए संस्करण को तब तक गुप्त रखा जब तक कि इसका अनावरण सोमवार को कंपनी के अधिकृत ब्लाग पर नहीं हो गया। अब यह ऑनलाइन टेस्टिंग पर उपलब्ध है।
माइक्रोसाफ्ट और याहू के बीच हुए समझौते के ठीक दो सप्ताह बाद गूगल ने कैफीन वर्जन को लांच किया है। याहू दूसरे और बिंग तीसरे स्थान के साथ गूगल के प्रतिस्पर्धी बने हुए हैं।