दक्षिण में सफलता का परचम फहराने के बाद रंभा ने हिंदी सिनेप्रेमियों को भी अपना दीवाना बनाया था। कुछ हिंदी फिल्में करने के बाद वह अचानक फिल्मी परिदृश्य से गायब हो गईं। अब एक लंबे अंतराल के बाद रंभा वापसी कर रही हैं। उन्होंने अपनी वापसी के लिए फिल्म ‘क्विकगन मुरुगन’ चुनी है।
इस फिल्म में उन्होंने एक विग पहना है, जिसे निर्माता ने खासतौर पर 15 लाख रुपए में तैयार कराया है। इस फिल्म में उन्होंने बार्बी डॉल से प्रेरित लुक अपनाया है, जो फिल्म में उनके द्वारा निभाए जा रहे किरदार मैंगो डॉली को संपूर्णता प्रदान करता है।
फिल्म से जुड़े एक सूत्र के मुताबिक डिजाइनर फिल्म में रंभा के लुक से मेल खाता एक ब्लांड विग तैयार कराना चाहते थे। चूंकि इस तरह के बालों वाले विग भारत में नहीं बनते हैं, इसीलिए निर्माता को इतनी भारी-भरकम राशि खर्च करनी पड़ी। यह विग लॉस एंजिलिस से तैयार कराया गया है।
रोचक बात है कि इस खास तरह के विग की तलाश में एक माह से ज्यादा का समय लगा है। एक अन्य सूत्र के मुताबिक फिल्म में मैंगो डॉली का बेहद महत्वपूर्ण किरदार है, जो किसी मामले में फिल्म के नायक से कमतर नहीं है। फिल्म में रंभा गैंगस्टर की प्रेयसी बनी है। इसे ध्यान में रखते हुए ही उन्हें आकर्षक और बिंदास लुक देने में कोई कसर बाकी नहीं रखी गई है।