सोहेल खान अपने प्रोडक्शन के तहत जल्द रिलीज होने वाली फिल्म ‘किसान’ में प्रख्यात गीतकार गुलशन बावरा को ऋद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं। ज्ञात हो कि बावरा साहब लंबी बीमारी के बाद पिछले दिनों नहीं रहे, लेकिन उनके द्वारा वर्ष १९६७ मंे आई फिल्म ‘उपकार’ के लिए रचित गीत ‘मेरे देश की धरती सोना उगले..’ को सुनकर आज भी लोग देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो जाते हैं।
सोहेल कहते हैं ‘बावरा साहब को उतना सम्मान नहीं मिला, जिसके वह हकदार थे। मैं उनका मान बढ़ाने का कोई मौका छोड़ना नहीं चाहता। अपनी अगली फिल्म ‘किसान’ में उनके इस प्रसिद्ध गाने का इस्तेमाल करते हुए मैंने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।’
इस फिल्म में सोहेल एक किसान का किरदार निभा रहे हैं और यह गाना फिल्म की स्क्रिप्ट के साथ बिलकुल फिट बैठा है।
सोहेल कहते हैं, ‘मुझे अफसोस है कि फिल्म की रिलीज के पहले वह नहीं रहे, लेकिन फिर भी उनके परिवार को फिल्म की स्क्रीनिंग के वक्त खासतौर पर निमंत्रण भेजेंगे। फिल्म में अपने किरदार की तैयारी के लिए मैं कई गांवों में गया हूं। यह फिल्म किसानों से जुड़े कुछ समकालीन मसलों और उनके समक्ष मौजूद समस्याओं पर केंद्रित है।’