मल्लिका और विवादों का चोली दामन का साथ हो गया है। हाल ही में एक कार्यक्रम में कैटवॉक करने को लेकर उनके और डिजाइनर प्रिया कटारिया पुरी के बीच पोशाक के मसले पर विवाद हो गया। हालांकि मल्लिका के प्रवक्ता इस पर कुछ और ही सफाई दे रहे हैं।
सेक्सी बाला मल्लिका शेरावत एक बार फिर विवादों से घिर गई हैं। अगर फैशन डिजाइनर प्रिया कटारिया पुरी की बात पर यकीन किया जाए तो एक कार्यक्रम के ऐन पहले मल्लिका ने अजीब कारण बताते हुए अचानक ही उनसे एक नई पोशाक डिजाइन करने को कहा। प्रिया बताती हैं, ‘पिछले दिनों जागृति संस्था द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में मुझे एक फैशन शो करना था। इस शो में लिसा रे और मल्लिका शेरावत को मेरे द्वारा डिजाइन पोशाक पहनकर रैंप पर वॉक करना था। इसके लिए मल्लिका ने मुझे ऑरेंज और ऑफ व्हाइट ड्रेस की डिजाइन मेल करने को कहा, जो उन्हें रैंप पर पहननी थी।
लेकिन कुछ दिनों बाद मल्लिका ने एक महिला वकील के साथ अपनी फोटो भेजी और कहा कि मैं उस महिला द्वारा पहना गया सूट डिजाइन कर दूं। मल्लिका का कहना था कि वह अपनी आगामी फिल्म में एक महिला वकील का किरदार निभा रही हैं और उन्हें इसके लिए तैयारी करनी है। जाहिर सी बात है कि वह डिजाइन मेरी शैली से मेल नहीं खाता था, सो मैंने उसे बनाने से इनकार कर दिया। इसके बाद मल्लिका ने जागृति के कार्यक्रम में महज क्षण भर की अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।’
हालांकि इस संदर्भ में मल्लिका के प्रवक्ता का कुछ और ही कहना है। प्रवक्ता के मुताबिक मल्लिका को उस कार्यक्रम में घरेलू हिंसा की शिकार महिलाओं के लिए कुछ शब्द कहने थे। ऐसे में उन्होंने सोचा कि उस कार्यक्रम में वही पोशाक पहनी जाए जो उसके उद्देश्य से मेल खाती हो।
ऐसे में जब उन्हें पता चला कि डिजाइनर प्रिया उनके मनमाफिक पोशाक को डिजाइन नहीं कर सकेंगी, तो मल्लिका ने क्रिश्चियन डॉयर की डिजाइनर ड्रेस पहनकर कार्यक्रम में शिरकत की। मल्लिका ऐसे जनजागृति वाले अभियानों से स्वयं को जोड़े रखना चाहती हैं। उन्हें प्रिया से कोई शिकायत नहीं है और वह भविष्य में उनकी डिजाइन पोशाक पहनने की इच्छा रखती हैं।