अगर आपको हाल ही में फिट और स्वस्थ रहने का जोश जागा है तो व्यायाम के दौरान कुछ करने और न करने वाली बातों की जानकारी जरूर रखिए। अगर आप बगैर जाने या विशेषज्ञ की सलाह लिए व्यायाम करते हैं तो शरीर को फायदा कम और नुकसान ज्यादा पहुंचाएंगे। हर उम्र के लोगों के लिए व्यायाम करने का तरीका और समय अलग होता है।
कॉलेज छात्र आयु-16-21 वर्ष
कॉलेज जाने वाले ज्यादातर छात्र व्यायाम शुरू करते वक्त बॉडी बिल्डर बनने की ख्वाहिश रखते हैं। जबकि इस उम्र में हड्डियों की मजबूती और मांसपेशियों के सही विकास पर ध्यान देना जरूरी है। खुद को चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए कराटे, रग्बी, फुटबॉल या पर्वतारोहण सबसे अच्छा व्यायाम है। इससे दिमाग की भी एक्सरसाइज हो जाती है, जिसका फायदा पढ़ाई मंे मिलता है।
न करें-जरूरी न हो तो 18 वर्ष की उम्र के पहले जिम न जाएं, यह शरीर को बुरे शेप में भी ला सकता है। मांसपेशियों को मजबूत बनाने के लिए ढेरों वजन उठाने के बजाए संतुलित वजन से शुरुआत करें, ताकि आप इस वजन को बार-बार उठा भी सकें। व्यायाम का समय लगभग 45 मिनट।
नौकरीपेशा आयु-20-30 वर्ष
इस उम्र तक आते-आते शरीर का विकास पूरा हो चुका होता है। इसलिए इस वक्त सेहत को सहेजने का प्रयास करना चाहिए। ‘मिड लाइफ’ के लिए शरीर के उपापचयी तंत्र को बेहतर बनाने की कोशिश करें। तनाव को कम करने के लिए योगा, किक बॉक्सिंग या रस्सी कूदने का सहारा लें। गर्दन, पैर, पीठ और पेट के निचले हिस्से पर ज्यादा ध्यान दें।
न करें-इस उम्र तक आते-आते ज्यादातर लोगों को अपने शरीर की खूबियों और कमजोरियों की जानकारी हो चुकी होती है। इसलिए मोटे हाथ या भारी कमर को कम करने के अथक प्रयास विशेषज्ञ की सलाह से ही शुरू करें। व्यायाम का समय 45 मिनट से एक घंटा।
नई-नई मम्मा आयु-25-30 वर्ष
कोशिश यह होनी चाहिए कि गर्भावस्था से पहले अगर आप फिट रही हांे तो दोबारा फिर उसी आकार में आ जाएं। नई मम्मा को डॉक्टर की अनुमति के बाद ही व्यायाम शुरू करना चाहिए। आप वर्क आउट को योगा के साथ मैच कर सकती हैं। स्तनपान के दौरान बाजरा, सोया और दही का ज्यादा से ज्यादा सेवन करें।
न करें-इस वक्त डाइटिंग से तौबा करें, लेकिन दो के लिए खाने वाली मानसिकता को छोड़ दें। व्यायाम का समय 15-30 मिनट मुफीद रहेगा।
40 या उससे ज्यादा उम्र
सेहत को बेहतर बनाए रखने के प्रयास करें। उम्र बढ़ना स्वाभाविक प्रक्रिया है, इसलिए यह बढ़ेगी लेकिन अच्छी जीवन शैली, व्यायाम और उचित खान-पान से आप इसे दुरुस्त रख सकते हैं। इस समय आप तेज चाल में वॉक करने को नियमित करें और स्विमिंग को अपनाएं। स्ट्रैचिंग भी काफी काम आती है, योगा इस उम्र के लिए बिलकुल सही है।
न करें-इस उम्र में मॉडल्स जैसे शरीर की कामना न करें, ऐसा व्यायाम अपनाएं जिससे शरीर चुस्त रहे। कराटे से दूर रहना ही बेहतर है। व्यायाम का समय 30-45 मिनट।