प्रकृति की गोद में बसा तीर्थ- अमरकंटक
भास्कर.कॉम Saturday, August 22, 2009 14:06 [IST]  

amarमध्य प्रदेश ही नहीं पूरे भारत के पर्यटन स्थलों में अमरकंटक का महत्वपूर्ण स्थान है । विन्ध्य और सतपुडा पर्वत श्रेणियों के मिलन बिंदु पर स्थित अमरकंटक तीर्थ और प्राकृतिक सौंदर्य दोनों का एक अनुपम केंद्र है । १०६५ मीटर की ऊँचाई पर स्थित अमरकंटक भारत की दो महत्वपूर्ण नदियों नर्मदा और सोन का उदगम स्थल भी है । अमरकंटक के साथ कई प्राचीन कथाएं जुडी हुई हैं। इसके साथ ही इस जगह को प्रकृति की अद्भुत भेंटें मिली हैं। पवित्र तालाब, सुरम्य पहाडियां, घने जंगल, कलकल करते झरने और सौम्य हवाएं अमरकंटक को एक अद्वितीय पर्यटन स्थल बनाती हैं। अमर कंटक में ऐसी कई जगह हैं जहाँ आपको पर्यटन का वास्तविक आनंद मिलता है -



नर्मदा उदगम



नर्मदा नदी का भारत की सभी नदियों में एक महत्वपूर्ण स्थान है। कई लोक कथाओं में नर्मदा को गंगा से भी श्रेष्ठ बताया गया है। नर्मदा का उदगम स्रोत अमरकंटक में ही है जो अमर कंटक के सबसे पवित्र बिन्दुओ में से है । यहाँ एक अति प्राचीन मंदिर भी है।



सोन-उदगम



अमरकंटक में ही भारत की एक और महत्वपूर्ण नदी सोन का भी उदगम है जिसे सोनमुद के नाम से जाना जाता है । इस जगह का सौंदर्य भी देखते ही बनता है।



कपिलधारा और दुग्ध धारा



ये दोनों अप्रतिम सौंदर्य वाले झरने हैं। दुग्धधारा में नीचे गिरते जल का जल एकदम श्वेत होता है जिस कारण इसे दुग्धधारा कहते हैं ।



भृगु कमंडल और माई की बगिया



ये दोनों भी अमरकंटक के घूमने लायक स्थल हैं। भृगु कमंडल में एक अतिप्राचीन पानी का सदानीरा स्रोत है जिससे कई मान्यताएं जुडी हैं ।वहीँ माई की बगिया में एक प्राचीन मंदिर और एक सुन्दर बगीचा है ।




कैसे पहुंचे ?



अमरकंटक से निकटतम हवाई अड्डे जबलपुर (२२८ किमी ) और रायपुर(२३० किमी) हैं । पेंड्रा रोड जो की अमरकंटक से ४२ किमी दूर है कटनी-बिलासपुर रेलमार्ग पर स्थित नजदीकी रेलवे स्टेशन है इसके अलावा अमरकंटक के लिए शहडोल ,उमरिया ,जबलपुर, रीवा आदि जगहों से बस सेवा भी उपलब्ध है । अमरकंटक में ठहरने के लिए कई होटल और लौज भी हैं । यहाँ साल भर घूमा जा सकता है।

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: