तमाम कामयाबी के बावजूद दीपिका पादुकोण ख़ुद को सेलिब्रिटी नहीं मानतीं। उनका दावा है कि अभिभावकों से मिले जमीनी संस्कारों के कारण सफलता उनको बहकाती नहीं है..
लव आज कल के बाद दीपिका दर्शकों, ख़ासतौर से युवाओं के दिलों की धड़कन बन गई हैं। इसी के साथ दीपिका का एक हिट फिल्म का इंतजार ख़त्म हुआ। इसमें निभाई भूमिका को वे ख़ुद के काफ़ी क़रीब मानती हैं। हाल ही में हुई एक मुलाक़ात में दीपिका से इस फिल्म के साथ ही उनकी आने वाली फिल्मों को लेकर बात हुई-
* ‘लव आज कल’ के रिस्पांस को लेकर आप ख़ुश हैं?
बिल्कुल! जब मेरी फिल्म लोगों को काफ़ी पसंद आ रही है, तो जाहिर है मुझे ख़ुशी तो होगी ही। दरअसल यह न्यू एज रोमांटिक फिल्म है। ख़ास बात यह कि इम्तियाज ने मुझमें वो बात देखी, यह वाक़ई बहुत सुखद एहसास है।
* इस रोल को करते हुए कैसा महसूस हुआ?
जब पहली बार इम्तियाज ने मुझे रोल के बारे में बताया, तो मैं सुनकर स्तब्ध रह गई..क्योंकि वह मेरे ऊपर एकदम फिट बैठ रहा था। फिल्म में बहुत सारे रिएक्शन और डायलॉग्स ऐसे हैं, अगर रियल लाइफ में मेरे साथ ऐसा वाक़िया आता, तो मैं भी ठीक इसी तरह रिएक्ट करती। यानी मुझमें और उस करेक्टर में काफ़ी समानताएं हैं। कभी-कभी तो मुझे लगता था कि मैं अभिनय नहीं कर रही हूं।
* इन दिनों क्या कर रही हैं?
फिलहाल ‘हाउसफुल’ की शूटिंग में व्यस्त हूं। इससे पहले मैंने फ़रहान ख़ान के साथ ‘कॉलिंग कार्तिक’ की शूटिंग पूरी की है।
* आपकी हाइट काफ़ी है। क्या अभिनय करते समय उसका कुछ फ़र्क़ पड़ता है?
मैंने अक्षय कुमार, सैफ़ अली, शाहरुख़ ख़ान, फ़रहान अ़ख्तर के साथ काम किया है, तो हाइट की तो कोई प्राब्लम नहीं होती है। वैसे आजकल ज्यादा लड़कियां, जैसे प्रियंका चोपड़ा, कैटरीना कैफ़, बिपाशा बसु आदि सभी का हाइट अच्छी है, तो मुझे नहीं लगता कि उससे कोई फ़र्क़ पड़ता है। हां, यह जरूर है कि जो भी कपल हैं, ऑनस्क्रीन उन्हें अच्छा दिखना चाहिए।
* ‘हाउसफुल’ में आप कॉमेडी रोल कर रही हैं। पहली बार कॉमेडी करते हुए कैसा लग रहा है?
इसे लेकर मैं थोड़ी नर्वस हूं। दरअसल, कॉमेडी में विश्वसनीयता और ओवरएक्टिंग के बीच में एक बारीक़ रेखा होती है। तो मैं चाहती हूं कि कॉमेडी को जितना रियल कर सकूं, करूं। मेरे ख्याल से कॅमेडी बहुत कठिन चीज है, क्योंकि उसमें टाइमिंग बेहद महत्वपूर्ण है।
* ग्लैमर वर्ल्ड की अब तक की यात्रा से ख़ुश हैं?
बहुत ख़ुश हूं। मुझे यहां बहुत कुछ सीखने को मिला है। बेहद टैलेंटेड लोगों के साथ काम करने का मौक़ा मिला है। हलांकि मंजिल अभी दूर है, फिर भी मात्र डेढ़ साल में इस पोजीशन पर पहुंचने से बहुत ख़ुश हूं।
* आपके पसंदीदा रोल क्या हैं, जिन्हें आप निभाना चाहेंगी?
बहुत ही ख़ास तो कोई नहीं हैं, लेकिन श्रीदेवी, माधुरी दीक्षित और काजेाल के रोल मुझे काफ़ी पसंद आते रहे हैं।
* किस एक्ट्रेस का कैरियर और पर्सनल लाइफ आपको सबसे ज्यादा पसंद है?
माधुरी दीक्षित! उन्होंने जिस तरह से अपने कैरियर को बनाया और जिस तरह की फिल्में कीं, उसके बाद शादी की, वह सब मुझे बेहतरीन लगा।
* आपके पैरेंट्स को आपकी कौन-सी फिल्म पसंद है?
ओम शांति ओम, चांदनी चौक टू चायना और लव आज कल उन्हें बहुत अच्छी लगीं।
* आप दीपिका को एक श़िख्सयत और एक सेलिब्रिटी के तौर पर किस तरह व्यक्त करना चाहेंगी?
मैं खुद को सेलिब्रिटी मानती ही नहीं हूं। और इसका कारण अपनी परवरिश को मानती हूं। मेरे माता-पिता ने मुझे वे ज़मीनी संस्कार दिए हैं, जिनसे मैं हर समय आम इंसान की तरह रह सकती हूं। मैं अपने आप में देखती हूं कि सफलता मुझे बहकाती नहीं है। मैं अपने पिता को देखती हूं तो पाती हूं कि वे नाम और पैसे से ज्यादा अपने काम को महत्व देते हैं और उसका आनंद उठाते हैं।