जब आप पैडल मारेंगे तो यह अनोखी साइकिल कैलोरी की गिनती करेगी, साथ ही म्यूजिक सुनाएगी। यही नहीं, अगर आप थक जाते हैं, तो सौर ऊर्जा संचालित मोटर पैडल मारने का काम करेगी। यह नए जमाने की साइकिल है, जिसे इसके निर्माताओं ने फ्यूचर बाइक का नाम दिया है।
ओलिंपिक साइक्लिस्ट क्रिस बोर्डमैन ने पिछले दिनों साइकिल के एक अनोखे डिजाइन का लोकार्पण किया है। उनका मानना है कि अपनी तरह का यह अनूठा डिजाइन अगले 20 वर्षो में रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाली चीजों में शामिल हो जाएगा। यह बाइक उन जगहों के लिए फायदेमंद है, जहां चोरी की घटनाएं ज्यादा होती हैं। इसके ताले को तोड़ा नहीं जा सकता। इसमें कंप्यूटर की मदद से तैयार की गई फिंगर प्रिंट तकनीक मौजूद है, जिसके जरिए ही इसका ताला खुल सकता है। वहीं हैंडल बार पर लगा छोटा सा कंप्यूटर भी पैडलिंग के दौरान कम हुईं कैलोरी की गिनती रखता है।
तानें रहित पहिए इस बाइक को और ज्यादा ऐरोडायनेमिक बनाते हैं। इसके टायर पंचर प्रूफ हैं, जो पर्याप्त हवा टायर में बनाए रखते हैं। इस बाइक का फ्रेम कार्बन फाइबर का है। यह इसे वजन में हल्का बनाता है, लेकिन बेजोड़ मजबूती भी प्रदान करता है। 1992 ओलिंपिक में चार किमी स्पर्धा के स्वर्ण पदक विजेता बोर्डमैन का कहना है कि आर्थिक कारणों से अगले बीस वर्षो तक इस बाइक के मूर्तरूप लेने की संभावना कम ही है। वैसे इसमें उपयोग में आने वाली तकनीक आज भी मौजूद है, जरूरत बस इसे एक साथ लाने की है।