बॉक्स ऑफिस पर मिली नाकामी ने उदय चोपड़ा को तोड़कर रख दिया था। अब वह निराशा से उबरकर अपनी लिखी फिल्म ‘प्यार इंपॉसिबल’ के साथ नई पारी शुरू करने जा रहे हैं। इस फिल्म में वह प्रियंका चोपड़ा के अपोजिट दिखाई पड़ेंगे।
वह युवा और आकर्षक हैं। उनका आगाज ‘मोहब्बतें’ जैसी मल्टीस्टारर फिल्म से हुआ। उनके पिता और भाई बॉलीवुड के प्रतिष्ठित निर्माता-निर्देशक हैं। इसके बावजूद उदय चोपड़ा का अभिनय सफर आसान नहीं रहा। लगभग तीन वर्ष पहले उनकी महत्वाकांक्षी सोलो लीड ‘नील एन निक्की’ प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म में उनकी तत्कालीन गर्लफ्रेंड तनिषा मुखर्जी नायिका थीं। इस फिल्म की नाकामी के बाद उदय झंझावतों से घिरते गए। उनका संघर्ष इस कदर निजी था कि वह अपना गम परिवार वालों के साथ भी नहीं बांट पा रहे थे।
अब कहीं जाकर वह उससे उबर पाए हैं और दुनिया को बताने को तैयार हैं कि वह किस-किस मोड़ से गुजरे हैं। वह बताते हैं, ‘मेरी फिल्म ‘नील एन निक्की’ को जब सफलता नहीं मिली, तो मैंने हर तरफ से अपने आप को अलग सा कर लिया। मेरे भीतर की रचनात्मकता मर सी गई थी। उठो और फिर शुरू करो जैसा जज्बा खत्म हो गया था।
सबसे ज्यादा तकलीफदेय बात मेरे लिए यही थी कि मेरा कॅरियर सोच के अनुरूप आकार नहीं ले सका। मैं उस वक्त मदद के लिए किसी के पास नहीं गया। मैंने आत्ममंथन किया और अपने कॅरियर को लेकर फिर एक नया खाका तैयार किया।’
फिल्म की बॉक्स ऑफिस नाकामी ने उदय का आत्मविश्वास खत्म करके रख दिया था। वह निराशा के शिकार हो गए थे। वह कहते हैं, ‘बॉलीवुड में किस्मत आजमाने वाले प्रत्येक शख्स के अपने ख्वाब होते हैं। मैं झूठ नहीं कहूंगा, मैंने भी नंबर वन की हैसियत पाने का ख्वाब देखा था, लेकिन चीजें योजना के अनुसार हो नहीं सकी। मुझे दर्शकों ने नकार दिया, जिसे मैं स्वीकार नहीं कर सका। मैं इसे मानने को तैयार नहीं था, लेकिन फिर मुझे सच्चई का अहसास हुआ। पिछले दो वर्षो में मैंने आत्ममंथन किया। अपनी खूबियों और कमियों को समझा।’
कह सकते हैं कि उदय के लिए बीता समय काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा है। तनिषा के साथ उनके प्रम संबंध चर्चा में रहे और उसी तरह उनका खात्मा हुआ। वह बताते हैं, ‘मेरे माता-पिता चाहते थे कि मैं शादी करके अपना घर बसा लूं। फिर शायद उन्होंने यह उम्मीद भी छोड़ दी। आज शादी और प्यार के बारे में मेरा बिल्कुल अलग नजरिया है।
मुझे नहीं लगता है कि किसी खास उम्र में ही आपको शादी कर लेनी चाहिए। जब तक आपको सही लड़की नहीं मिल जाए, तब तक तो शादी करनी ही नहीं चाहिए।’ इन दिनों उदय को अगर किसी से प्यार है, तो वह हैं फिल्में। इसलिए नहीं कि उनके पिता और भाई इससे जुड़े हुए हैं, बल्कि इसलिए कि उदय भी फिल्मों को जीते हैं। यही वजह है कि अब वह एक नई शुरुआत को तैयार हैं। उन्होंने ‘प्यार इंपॉसिबल’ फिल्म लिखी है, जिसमें वह अभिनय भी कर रहे हैं। इस फिल्म में उनकी नायिका प्रियंका चोपड़ा होंगी।