जोधपुर. प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह शनिवार को बाड़मेर के रामसर में अकाल की स्थिति का जायजा लेकर वहां जल पुनर्भरण की मिसाल बनी कुइयां का अवलोकन करेंगे। सिंह ग्रामीण परिवेश और थार की लोककला से भी रू-ब-रू होंगे। वे नागाणा में तेल के व्यावसायिक उत्पादन की शुरुआत कर दोपहर में वापस दिल्ली लौट जाएंगे।
प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह 29 अगस्त को दिल्ली से विशेष विमान में सुबह दस बजे उतरलाई हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से वे हैलीकॉप्टर से रामसर जाएंगे। रामसर में तालाब पर नरेगा का कार्य देखने के बाद वे पौधारोपण करेंगे और जल पुनर्भरण के लिए बनी कुइयों का नेटवर्क देखेंगे। वे बाड़मेर की दूरदराज ढाणियों में बसे लोगों की जीवन शैली से रू-ब-रू होंगे। कसीदाकारी और हस्तशिल्प का काम देखेंगे।
मुख्यमंत्री आज बाड़मेर आएंगे
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार शाम बाड़मेर पहुंच जाएंगे। मुख्य सचिव श्रीमती कौशल सिंह, डीजीपी हरीश मीणा सहित कई उच्चाधिकारी बाड़मेर पहुंच गए हैं। अधिकारियों ने गुरुवार को रामसर में पीएम के कार्यक्रम स्थलों का अवलोकन किया। पुलिस, प्रशासन, सुरक्षा एजेंसियां व एसपीजी दस्ता शुक्रवार सुबह उत्तरलाई से रामसर और वहां से नागाणा गांव में प्रधानमंत्री की यात्रा के लिए की गई व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास करेगा।