साड़ी भारतीय महिलाओं का पारंपरिक परिधान है, लेकिन समय के साथ इसमें ग्लैमर का पुट जुड़ता चला गया। औसतन छह मीटर लंबी साड़ी का जादू अब भारतीय डिजाइनर्स और बॉलीवुड सुंदरियों से होता हुआ विदेशी हसीनाओं पर भी सिर चढ़कर बोल रहा है। कई विदेशी सुंदरियां इसके मोह से खुद को बचा नहीं पा रही हैं। जल्द ही खूबसूरती की एक और दिवा इस रूप में नजर आएंगी।
नेओमी का जादू
मुंबई में 26/11 के हमलों में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि देने के वास्ते आयोजित हुए लेक्मे फैशन वीक में सुपर मॉडल नेओमी कैंपबेल ने भी जलवे बिखेरे। पहली बार उन्हें साड़ी में देखकर कई लोगों ने दांतों तले उंगली दबा ली। उनका कहना था, ‘साड़ियां मुझे खासतौर पर पसंद हैं। मैं अपने प्रोजेक्ट ‘फैशन फॉर रिलीफ’ के तहत जरूरतमंद लोगों के लिए यह काम करती हूं। मुंबई को आतंकी हमलों के बाद वाकई इस तरह के आयोजन की जरूरत थी।’
गिजेल का नवरूप
दुनिया की सबसे ज्यादा महंगी मॉडल माने जाने वाली गिजेल बुदचेन हमारे पारंपरिक लिबास साड़ी मंे जल्द ही नजर आने वाली हैं। वह वोग पत्रिका के भारतीय संस्करण में इस रूप में जलवा फरोश होंगी। मनोरंजन जगत की 16वीं अमीर महिला गिजेल वोग पर इस रूप में आने वाली पहली विदेशी मॉडल नहीं हैं। वह डायर, वर्साचे और एबेल जैसे नामी ब्रांड्स के लिए मॉडलिंग करने के बाद वोग पर सुनीत वर्मा द्वारा डिजाइन की हुई ग्रीन सीक्विंड साड़ी में नजर आएंगी। ‘द डेविल वीयर्स प्राडा’ की अदाकारा गिजेल कहती हैं ‘मुझे भारतीय पारंपरिक कपड़े पसंद हैं, खासतौर पर इनका फेब्रिक, रंग और कंफर्ट मुझे पसंद है। मुझे सुनीत का डिजाइन इसलिए पसंद आया क्योंकि इस पर जरूरत से ज्यादा काम नहीं किया गया है।’
लिज का साड़ी प्रेम
लिज हर्ले ने एनआरआई उद्योगपति अरुण नायर से 2007 में राजस्थान में राजसी अंदाज में शादी करते हुए कई महत्वपूर्ण आयोजनों में साड़ी को ही तरजीह दी। इन साड़ियों को तरुण तहलियानी ने तकरीबन 8 हजार डॉलर की कीमत में तैयार किया था। कई विदेशी सुंदरियां जहां परियों जैसी कथा वाली शादी को प्राथमिकता देती हैं, वहीं लिज ने परंपरा को सर्वोपरि रखा। सिर्फ शादी ही नहीं, हॉलीवुड में होने वाले कई आयोजनों में भी वह साड़ी पहने नजर आईं हैं।
पोश का स्पाइसी अंदाज
लोगों को अपने ड्रेस सेंस का दीवाना बनाने वाली विक्टोरिया बेकहम भी साड़ी पहनकर वोग इंडिया के एक अंक की गरिमा बढ़ा चुकी हैं। उन्हें वोग ने अपने ब्राइडल कलेक्शन के कवर पर लिया था। इसमें पोश को ‘इंडियन ब्राइड’ की उपमा दी गई थी। पोश भले ही अपने फिगर के लिए जानी जाती हों लेकिन भारतीय वेश-भूषा में लिपटी हुई पोश बला की खूबसूरत नजर आईं थीं। यह अलग बात है कि न हंसने को अपना स्टाइल स्टेटमेंट बना चुकीं पोश वोग के कवर पर जरा भी नहीं मुस्कराईं। उन्हें अनीता श्रॉफ अदजानिया ने स्टाइल किया था।
ब्लैक ब्यूटी वीनस और सेरेना विलियम्स अपने स्टाइल स्टेटमेंट को नया आयाम देते हुए मार्च 2008 में डब्लूटीए बेंगलुरु ओपन टेनिस टूर्नामेंट के दौरान साड़ी में लिपटी नजर आईं।