रोहतक. वेतन विसंगति के मुद्दे को लेकर कर्मचारियों का विरोध दिन-प्रतिदिन तेज होने लगा है। तमाम संगठन लघु सचिवालय पर एकत्रित होने लगे हैं। कुछ हड़ताल से अपनी मांग पूरी कराना चाहते हैं तो कुछ ने प्रदर्शन का रास्ता अपनाया है। स्कूल टीचर्स को-आर्डिनेशन कमेटी के बैनर तले शिक्षकों ने वेतन विसंगति को लेकर सोमवार को शहर की सड़कों पर प्रदर्शन किया। शिक्ष्कों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकारी अपनी मांगों पर अडिग है तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। जेबीटी टीचर से लेकर लेक्चरार तक के वेतन में कई विसंगतियां हैं, जिसे सरकार ने दूर नहीं किया है।
तकनीकी संस्थानों में रही हड़ताल
बहुतकनीकी शिक्षण संस्थान सांघी,छोटूराम संस्थान व वैश्य तकनीकी शिक्षण संस्थान की फैकल्टी की हड़ताल चौथे दिन में प्रवेश कर गई। डा. सुरेंद्र व डा. पवन गर्ग ने कहा कि एआईसीटीई के अनुसार वेतनमान देने, डा. एएस राठी का निलंबन वापस लेने, एचएससीएस का आडिट कराने तथा एमपी गुप्ता की आय से ज्यादा संपत्ति की सीबीआई जांच की मांग जब तक पूरी नहीं होगी, तब उनकी हड़ताल जारी रहेगी।
रोडवेज वर्कर यूनियन की चुनाव प्रक्रिया तेज
हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन से संबंधित सर्वकर्मचारी संघ के 12 द्विवार्षिक चुनाव के दूसरे चरण की नामांकन भरने की प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। चुनाव कमेटी सदस्य धर्मबीर हुड्डा ने बताया कि संघ के राज्य प्रधान आजाद सिंह मलिक को यूनियन का मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। यूनियन प्रधान हरिनारायण शर्मा की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय चुनाव कमेटी गठित की गई है।
मुख्याध्यापक लेंगे सामूहिक अवकाश
वेतन विसंगति के मुद्दे को लेकर हरियाणा राजकीय मुख्याध्यापक एसोसिएशन की राज्यस्तरीय बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता प्रदेशाध्यक्ष राज सिंह ने की। इसमें निर्णय लिया गया कि दो सितंबर को सामूहिक अवकाश लिया जाएगा। जिला प्रधान डा. आनंद बांगड़ ने बताया कि पांच सितंबर को शिक्षक दिवस काली पट्टी बांधकर रोष दिवस मनाया जाएगा।
मास्टर एसोसिएशन का अनशन दूसरे दिन पहुंचा
हरियाणा मास्टर वर्ग एसोसिएशन का क्रमिक अनशन दूसरे दिन में प्रवेश कर गया है। प्रदेशाध्यक्ष रमेश मलिक ने बताया कि तीन सितंबर को शिक्षक सामूहिक अवकाश लेंगे। पांच सितंबर को काले बिल्ले लगाए जाएंगे। छुट्टी के बाद शिक्षक प्रदर्शन करेंगे। जब तक सरकार मांग नहीं मान लेती है, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
आमरण अनशन शुरू करेंगे शिक्षक
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने राज्यस्तरीय आमरण अनशन शुरू करने का निर्णय लिया है। जिला प्रधान बंसीलाल ने बताया कि संघ ने किसी भी अन्य संगठन के साथ कोई भी तालमेल कमेटी नहीं बनाई है। प्राथमिक शिक्षक संघ अपने दम पर अनशन करेगा। राज्य में करीब 38 हजार प्राथमिक शिक्षक हैं जो कि अपने दम पर लड़ाई लड़ने में सक्षम हैं। क्योंकि जो तालमेल कमेटी बनाई गई है, उसमें प्राथमिक शिक्षकों से संबंधित किसी भी मांग को शामिल नहीं किया गया है। जो संघ इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं, वो अपनी मांगें पूरी कराने के लिए झूठा प्रचार कर रहे हैं।
संस्कृत शिक्षक करेंगे आंदोलन
हरियाणा सरकार संस्कृत शिक्षकों को पुन: आंदोलन के रास्ते पर लाना चाहती है। सरकार ने संस्कृत शिक्षकों की पदोन्नति लिस्ट को रोक लिया है। हरियाणा संस्कृत अध्यापक संघ के जिला प्रधान सत्यव्रत शास्त्री ने बताया कि अगर सरकार ने संस्कृत भाषा के शिक्षकों की पदोन्नति सूची तुरंत जारी नहीं करती है तो संघ आंदोलन करेगा। हरियाणा संस्कृत एवं संस्कृति रक्षा समिति की राज्य कार्यकारिणी की अतिशीघ्र आपात बैठक बुलाकर संस्कृत के सम्मान की रक्षा के लिए सरकार के खिलाफ पुन: संघर्ष का निर्णय लिया जाएगा।
उधर सांपला में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के शिक्षक हड़ताल पर उतर आए हैं। सोमवार को कई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में हड़ताल रही तो कई में प्राचार्यो ने सामूहिक रूप से अवकाश रखा। विद्यार्थियों को बिना पढ़ाई किए ही घर लौटना पड़ा। कई स्कूलों में सरकार विरोधी नारे भी लगाए गए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सांपला में सुबह समय पर कक्षाएं शुरू हुई। कुछ ही समय बाद सीनियर स्कूल के शिक्षक कक्षाएं छोड़कर बाहर आ गए।
वैटरनरी एसोसिएशन का धरना 22वें दिन में प्रवेश
डिप्लोमा वैटरनरी एसोसिएशन का धरना 22वें दिन जारी रहा। कुरूक्षेत्र के जिला प्रधान सूबे सिंह व सचिव अशोक कुमार ने कहा कि एसोसिएशन की मांग कई सालों से चल रही है। मांगों को लेकर एक सितंबर को राज्य कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। धरने को वीरेंद्र सिंह, बिजेंद्र, सुनील कुमार, दयाल सिंह, मनोहर लाल, प्रमोद सैनी, कृष्ण कुमार, सुरेंद्र सिंह, प्रकाश दांगी, धर्मपाल व सतबीर ने संबोधित किया।