Bhilwara
68 लाख की वसूली, कुर्क होगी संपत्ति
भास्कर न्यूज Tuesday, September 01, 2009 08:10 [IST]  

भीलवाड़ा. 68 लाख रुपए का गबन करने वाले चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति के तत्कालीन कैशियर की अचल संपत्ति कुर्क की जाएगी। कोटड़ी तहसील क्षेत्र के नंदराय गांव का रहने वाला कन्हैयालाल शर्मा पंचायत समिति में कैशियर था। 2003 में सेवानिवृत्त होने के बाद गड़बड़ियों की शिकायत मिलने पर शर्मा के कार्यकाल की विशेष जांच करवाई गई।



इसमें एक साल लगा। जांच में 68 लाख 61 हजार 227 रुपए का गबन सामने आया। यह गबन कर्मचारियों के जीपीएफ, ईएसआई सहित अन्य कटौतियों की राशि से किया गया था। पुलिस में भी मामला दर्ज हुआ। लगभग पांच साल बाद अब ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग ने राशि की वसूली के लिए गबनकर्ता की अचल संपत्ति कुर्क करने के निर्देश दिए हैं।



विभाग के शासन सचिव के निर्देश पर कोटड़ी तहसीलदार सत्यनारायण सिंह ने गबनकर्ता की नंदराय में स्थित लगभग 14 बीघा जमीन को 15 दिन पहले कब्जे में ले लिया। इसकी कुर्की की स्वीकृति जहाजपुर उपखंड अधिकारी भागीरथ शर्मा से मांगी है। सिंह ने बताया कि एसडीओ से स्वीकृति मिलते ही जमीन कुर्क कर नीलाम की जाएगी। इससे प्राप्त राशि सरकारी खजाने में जमा होगी। उधर, एसडीओ शर्मा का कहना है कि उन्होंने स्वीकृति पत्र जारी कर दिया है।

Bookmark and Share


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: