आज दुनिया के आधुनिक और सुंदर जगहों में वे शहर शुमार होते हैं, जो अपने नागरिकों को हर तरह की सुविधा और आराम देते हैं। इन शहरों का आकर्षण होता है यहां की गगनचुंबी इमारतें और साफ-सफाई। यहां पेश है गगनचुंबी इमारतों वाले ऐसे ही दस सबसे सुंदर शहरों की संक्षिप्त जानकारी:
हांगकांग (चीन)
इस आधुनिकतम शहर में 39 इमारतें ऐसी हैं जो दो सौ मीटर से भी ज्यादा लंबी हैं। इतना ही नहीं, यहां पर दुनिया की 15 सबसे ऊंची इमारतों में से चार हैं। रात के समय जब यह इमारतें चकाचौंध होती हैं तो सारा आसमान जगमगाता नजर आता है। हांगकांग में ऊंची-ऊंची इमारतों की लाइन-सी लगी नजर आती है।
शिकागो (अमरीका)
यह आधुनिक गगनचुंबी इमारतों का जन्म स्थान है। 1885 में जब यहां पहली सर्वाधिक ऊंची इमारत बनाई गई तो यह दुनिया का यह सबसे ऊंचा ढांचा ही नहीं, बल्कि नई तरह की इंजीनियरिंग का एक नमूना था। यहां 200 मीटर से ज्यादा ऊंची 17 बिल्डिंगें हैं। इनमें समूचे उत्तर अमरीका महाद्वीप की सबसे ऊंची इमारत भी है।
शंघाई (चीन)
इस शहर को देखकर अंतरिक्ष स्टेशन का आभास होता है। चीन का सबसे बड़ा और मोस्ट एडवांस्ड यह शहर बीसवीं शताब्दी की शुरुआत का सबसे कॉस्मोपॉलिटन शहर कहा जाता था, लेकिन माओ युग के दौरान इसने अपनी प्रतिष्ठा खो दी। अब शंघाई दुनिया के सबसे बड़े आर्थिक पॉवरहाउसिज में से एक बनकर उभर रहा है।
न्यूयॉर्क (अमरीका)
यह सबसे घनी और अत्यधिक विविधता वाली इमारतों वाले शहरों में से एक है। यहां बिल्डिंग्स और बिल्डिंग्स स्टाइल्स का बड़ा संग्रह है। यहां 200 मीटर से ऊंची 44 इमारतें हैं। न्यूयॉर्क में वल्र्ड ट्रेड सैंटर टॉवर्स (अब नहीं हैं), एम्पायर स्टेट बिल्डिंग, स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी और यूनाइटेड नेशंस इमारतें हैं।
टोक्यो (जापान)
यह सबसे ज्यादा आबादी वाला शहर है। इसकी खास गगनचुंबी इमारतें अन्य इमारतों से अलग हैं। यहां टोक्यो टॉवर समेत 15 बिल्डिंगें 200 मीटर से ज्यादा ऊंची हैं। अधिक जनसंख्या घनत्व और विशालता के कारण यहां हर कोने की अपनी ही गगनचुंबी इमारत श्रंखला नजर आती है। यहां पर हैलिकॉप्टरों का सबसे बड़ा बेड़ा है।
सिंगापुर
सर्वश्रेष्ठ और सुनियोजित तथा साफ शहरों में से एक सिंगापुर आर्किटैक्चरल मॉडल सिटी जैसा लगता है। एयर ट्रैफिक कंट्रोल प्रतिबंधों के चलते बिल्डिंगें 280 मीटर से ज्यादा ऊंची नहीं होतीं, लेकिन यहां लंबी और बिल्डिंगों की लंबी कतार शहर को विशेष बनाती है। बिल्डिंगें हल्के रंग की और आसपास हरियाली लिए हुए हैं।
टोरंटो (कैनेडा)
टोरंटो अनेक संस्कृतियों और धर्मो का शहर है। कैनेडा के इस सबसे बड़े शहर में सात ऐसी इमारतें हैं जो 200 मीटर से ज्यादा ऊंची हैं। इनमें 553 मीटर ऊंचा सीएन टॉवर भी शामिल है। इसे दुनिया की मुक्त रूप से खड़ी सबसे ऊंची बिल्डिंग माना जाता है। टॉवर पर सबसे ऊंचा ऑब्जर्वेशन डैक भी है।
कुआलालम्पुर (मलेशिया)
इस सबसे प्रभावशाली शहर की आबादी बीस लाख से भी कम है। शानदार आधुनिक इमारतें आसमान को छूती प्रतीत होती हैं, हालांकि गगनचुंबी इमारतें ज्यादा नहीं। दुनिया की 25 सबसे ऊंची बिल्डिंगों में से यहां तीन इमारतें हैं। इनमें शानदार पैट्रोनास टॉवर्स और 420 मीटर ऊंचा मेनारा कुआलालम्पुर टॉवर भी शामिल है।
शेनझेन (चीन)
1970 में हांगकांग की सीमा पर स्थित मछुआरों का गांव कहलाया जाने वाला शेनझेन अब 40 लाख से ज्यादा आबादी वाला मैट्रोपॉलिटन शहर है। यहां 200 मीटर से ज्यादा ऊंची 13 इमारतें हैं। इनमें दुनिया की आठवीं सबसे ऊंची इमारत शुन हिंग स्क्वेयर भी है। सूर्यास्त के बाद यह शहर रौशनियों का अजूबा बन जाता है।
सियोल (द. कोरिया)
हान नदी पर बसा सियोल द. कोरिया की राजधानी है। यह देश का सबसे बड़ा और मुख्य वाणिज्यिक, मैन्युफैक्चरिंग, प्रशासनिक तथा सांस्कृतिक केंद्र है। चार मौसमों वाले इस शहर में गगनचुंबी इमारतों की लंबी श्रंखला है, जो लोगों को बरबस ही अपनी ओर आकर्षित कर लेती है।