Raipur
मिनी ओलंपिक, रहें तैयार
Bhaskar News Thursday, September 10, 2009 08:04 [IST]  

रायपुर. नेशनल गेम्स की मेजबानी मिलने पर राजधानी को युद्धस्तर पर अभी से तैयारी शुरू करनी पड़ेगी। यह पहला मौका होगा जब छत्तीसगढ़ नेशनल गेम्स की मेजबानी के लिए विधिवत आवेदन और 50 लाख रुपयों के साथ भारतीय ओलंपिक संघ में 15 अक्टूबर को दावेदारी पेश करेगा। खेल मंत्री लता उसेंडी ने दिल्ली से दूरभाष पर ‘भास्कर’ से कहा कि नेशनल गेम्स की मेजबानी मिलने से राज्य में सभी खेलों के स्टेडियम बन जाएंगे और खेलों के विकास के लिए इससे बेहतर सुविधा और नहीं हो सकती। उन्होंने कहा कि नेशनल गेम्स की मेजबानी राज्य के लिए गौरव का विषय होगी।



उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के निर्देश पर नेशनल गेम्स के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। स्पोर्ट्स डायरेक्टर जीपी सिंग ने बताया कि नेशनल गेम्स का बजट एक हजार करोड़ रुपयों का होता है और इसके आयोजन से राज्य में खेल का सिर्फ वातावरण ही तैयार नहीं होगा बल्कि खेलों का विकास भी होगा। राजधानी के अलावा रायपुर से बाहर राजनांदगांव, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर, जगदलपुर जैसे जिलों में भी खेलों के स्टेडियम बनाए जा सकते हैं।



इससे पहले राजधानी में राज्य के पूरे खेल जगत को एक मंच पर लाकर नेशनल गेम्स की मेजबानी के लिए तैयार किया गया था। सभी को एकजुट करने के बाद यह भी तय हुआ था कि नेशनल गेम्स की मेजबानी मिलने पर रायपुर में नए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किए जाएंगे। नई राजधानी में 300 एकड़ जमीन का प्रावधान रखा गया है। यहां कई खेलों के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के स्टेडियम के अलावा खेलगांव का निर्माण भी किया जाएगा।

रायपुर बनेगा स्पोर्ट्स सिटी



खेल विशेषज्ञों की मानें तो नेशनल गेम्स की मेजबानी मिलने से रायपुर स्पोर्ट्स सिटी बन जाएगा। कई राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके संजय शर्मा कहते हैं कि इससे राजधानी में खेलों की बुनियादी सुविधाओं का इजाफा होगा। नेशनल गेम्स काफी बड़ा आयोजन होता है और इसकी तैयारी अभी से शुरू करनी पड़ेगी। राजधानी में ही उद्घाटन और समापन समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय मापदंडों के स्टेडियम में किया जाता है।



नेशनल गेम्स की मेजबानी के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। प्रसन्नता इस बात की है कि राज्य सरकार का प्रदेश ओलंपिक संघ को पूरा सहयोग मिल रहा है। खेल मंत्री का खुद भारतीय ओलंपिक संघ में आवेदन देने दिल्ली जाना काफी महत्वपूर्ण है। - बशीर अहमद खान, सचिव छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ

 
Bookmark and Share
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: