Rohtak
मार्केट को 58 करोड़ का झटका
शिव कुमार शर्मा Sunday, September 13, 2009 04:21 [IST]  

rohtakरोहतक. बारिश के कहर से सिर्फ मकान ही नहीं बल्कि व्यापार पर भी खासा असर पड़ा है। व्यापारी तीन दिन हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। बारिश के इस कहर से व्यापारियों को करीब 58 करोड़ रुपए का झटका लग चुका है। लगातार तीन दिन तक झमाझम बारिश के बाद शनिवार को बाजार खुला जरूर, लेकिन व्यापारी सहमे हुए थे। कुछ दुकानों में पानी घुसा हुआ था। उन्होंने अपने कारिंदों की मदद से पानी निकाला।



सबसे बुरी हालत एशिया की सबसे बड़ी शौरी कपड़ा मार्केट, इंडस्ट्री एरिया, अनाज मंडी व सब्जी मंडी की नजर आई। बाजार में शापिंग करने के लिए ग्राहक आए, लेकिन उनकी संख्या काफी कम रही। किला रोड, रेलवे रोड, प्रताप मार्केट, शौरी कपड़ा मार्केट, पुरानी अनाज मंडी के दुकानदार नुकसान के आंकलन में जुटे रहे। आईडीसी की सड़कें शनिवार को भी जलमग्न रहीं। स्थिति यह थी कि उद्योगपतियों, कर्मचारियों को अपनी फैक्ट्री तक आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ी।



नवरात्रों की तैयारी में जुटे थे दुकानदार



अभी श्राद्ध चले हुए हैं। आगामी सप्ताह से नवरात्र शुरू होने वाले हैं। चूंकि नवरात्र काफी शुभ माने जाते हैं और इन दिनों हर कोई जमकर शापिंग करता है, इसलिए दुकानदारों ने सामान जुटाना शुरू कर दिया था लेकिन बारिश ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया है। दुकानदारों के अनुसार बारिश लंबी चली तो उन्हें ज्यादा नुकसान उठाना पड़ सकता है।



बारिश के कारण मंडी के कारोबार पर करीब 80 प्रतिशत असर पड़ा है। करीब 30 लाख का नुकसान हुआ है। बारिश का असर आने वाले दिनों में और ज्यादा नजर आएगा। उत्पादन पर असर पड़ने से फल व सब्जियां महंगी हो सकती हैं। - सतीश मलिक, प्रधान, आल हरियाणा फ्रूट एंड वेजिटेबल



शौरी क्लाथ मार्केट सहित अन्य कपड़ा मार्केट के व्यापारी खाली बैठे रहे। पानी दुकानों में घुस गया। करीब साढ़े तीन करोड़ का नुकसान होने की आशंका है। प्रशासन को पानी से बचाने के लिए ठोस पहल करनी चाहिए थी जो कि नहीं की गई। - राजीव मल्होत्रा, प्रधान, शौरी क्लाथ मार्केट एसोसिएशन



आईडीसी में बिजली नहीं थी। पानी फैक्ट्री में घुस गया। रास्तों में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाने से काम करने वाले कर्मचारी नहीं पहुंच सके। इस कारण फैक्ट्रियों में काम नहीं चल सका। जिसके कारण करीब 40 से 45 करोड़ का नुकसान होने की संभावना है। - राजेंद्र बंसल, प्रधान, औद्योगिक विकास प्राधिकरण, रोहतक



इन पर पड़ा सर्वाधिक असर



कारोबार क्या रहा असर



इंडस्ट्री एरिया बिजली ठप, लेबर कम करीब 45 करोड़ रुपए



स्वर्ण व्यापार दुकानों में पानी घुसा करीब दो करोड़ रुपए



दवाई मार्केट पानी से लेन-देन रूका करीब 50 लाख रुपए



कपड़ा मार्केट आर्डर लेट,ग्राहक नहीं करीब साढ़े तीन करोड़



मिष्ठान भंडार नहीं आए ग्राहक करीब तीन लाख रुपए



अनाज मंडी नहीं आए ग्राहक करीब साढ़े चार करोड़



सब्जी मंडी करीब 80 प्रतिशत असर करीब 30 लाख असर



बर्तन मार्केट नहीं आए ग्राहक करीब डेढ़ लाख रुपए



ट्रांसपोर्ट खाली चले वाहन करीब साढ़े पांच लाख



बैंक 40 फीसदी असर करीब ढाई करोड़ रुपए



संबंधित आंकड़े सभी मार्केट एसो. के प्रधान की बातचीत के आधार पर।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: