Karnal
पक्के मकान कच्चे रास्ते
Bhaskar News Thursday, September 17, 2009 02:55 [IST]  

karnalकरनाल. जीटी रोड के पास स्थित शक्तिपुरम कालोनी के बाशिंदे मूलभूत सुविधाओं से महरूम हैं। कालोनीवासियों का आरोप है कि उनसे वोट लेने के लिए तो नेता आ जाते हैं, लेकिन उनकी समस्याओं को दूर करने के लिए कोई नहीं आता। आरोप यह भी है कि कालोनी में प्लाट लेने से पहले यह कहा गया था कि कालोनी में बढ़िया सीवरेज व सड़के होंगी, लेकिन हकीकत कुछ और ही है। कालोनी में कहने को बड़ी-बड़ी कोठियां है, लेकिन सुविधाएं नाममात्र की हैं। नालियां गंदगी से अटी रहती हैं, जिसमें मच्छर पनपते रहते हैं। इससे कालोनीवासियों में रोष है।



बदहाल हैं कालोनी की सड़कें



कालोनीवासी सुरजीत कौर ने बताया कि वे दो साल से इस कालोनी में रह रहे हैं। प्लाट लेने से पहले उन्हें यह बताया गया था कि कालोनी में हर तरह की सुविधाएं होंगी, लेकिन अब पता चला कि यहां न तो सही सड़क है और न ही पानी की निकासी की व्यवस्था। इससे उन्हें भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है।




नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं



लता आहुजा ने बताया कि कालोनी में गंदगी का आलम है। सीवरेज की व्यवस्था दुरूस्त न होने के कारण नालियां गंदगी से अटी रहती हैं। ऐसे में मच्छर भी पनपते हैं और बदबू आती है। सड़कों के नाम पर कुछ नहीं है। वे कई बार इसकी शिकायत कालोनी के एमसी व राजनेताओं से कर चुके हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।



सड़कों पर जमा होता है वर्षा का पानी



कालोनी में छह साल से रहने वाली जनक ने बताया कि बारिश के समय सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। निकासी की व्यवस्था न होने के कारण सड़कों पर बारिश का पानी जमा हो जाता है। ऐसे में वे घर से बाहर नहीं निकल पाते। बच्चों को स्कूल पहुंचाने में भी उन्हें कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है।



सिर्फ कोठियां हैं, सुविधाएं नहीं



कालोनीवासी कुलदीप शर्मा ने बताया कि कहने को तो कालोनी में बड़ी-बड़ी कोठियां हैं, लेकिन सुविधाओं के नाम पर उनके पास कुछ नहीं है। नेता आते हैं और वोट लेकर चले जाते हैं, लेकिन उनकी समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं देता। उन्होंने बताया कि कालोनी में स्ट्रीट लाइट तक नहीं है।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: