जोधपुर. अजमेर के हरमिंदरसिंह ने झालावाड़ के खिलाफ राज्य स्तरीय सीनियर क्रिकेट के एलीट ग्रुप मैच में शानदार शतक लगाया। जबकि कोटा ने अलवर के खिलाफ पहली पारी में बढ़त ले ली। एक अन्य मैच में नागौर ने भीलवाड़ा को153 रन पर समेट दिया।
झालावाड़-अजमेर : अजमेर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 229 रन बनाए। इसमें हरमिंदरसिंह ने 101 रन की अच्छी पारी खेली। झालावाड़ के संजय यादव ने छह विकेट लिए। जवाब में झालावाड़ ने आज का खेल खत्म होने तक चार विकेट पर 65 रन बना लिए थे।
कोटा-अलवर : रेलवे स्टेडियम में खेले गए इस मैच में गेंदबाजों का दबदबा रहा। अलवर ने पहली पारी में 103 रन बनाए। कोटा के शहजाद और जीतूसिंह ने बेहतरीन गेंदबाजी की। इन दोनों खिलाड़ियों ने पांच-पांच विकेट लिए। जवाब में कोटा की टीम 132 रन पर सिमट गई। मोहम्मदअहमद और जीतूसिंह ने 35—35 रन बनाए। मंजीत ने 36 रन देकर पांच विकेट लिए।
29 रनों से पिछड़ते हुए अलवर ने दसूरी पारी शुरू की और 111 रन पर उसकी पूरी टीम पेवैलियन लौट गई। हिमांशु राणा ने 29 रन बनाए। मोहम्मद अहमद ने 24 रन देकर पांच और नरेश नामा ने तीन विकेट लिए। कोटा को जीत के लिए 83 रन बनाने है। कोटा टीम की पारी गुरूवार को शुरू होगी।
नागौर—भीलवाड़ा : नागौर ने भीलवाड़ा की पारी को 153 रन पर समेट दिया। कुमार मंगलम ने 46 रन बनाए। नरेश भाटी ने पांच विकेट लिए। जवाब में नागौर ने दो विकेट खोकर 92 रनबना लिए थे। कैलाश चौधरी ने 58 रन बनाए।