जोधपुर. कोटा ने अलवर को आठ विकेट से हराकर राज्य स्तरीय सीनियर क्रिकेट के एलीट ग्रुप में महत्वपूर्ण जीत हासिल कर ली। जबकि अजमेर ने झालावाड़ और नागौर ने भीलवाड़ा के खिलाफ पहली पारी में बढ़त ले ली।
कोटा-अलवर : इस मैच का फैसला खेल के दूसरे दिन लचं से पहले ही हो गया। कोटा को जीत के लिए 83 रन बनाने थे,जो उसने दो विकेट खोकर बना लिए। संदीप परिहार ने नाबाद 44 रन बनाए। इस प्रतियोगिता में कोटा की यह लगातार तीसरी आर-पार जीत है। इससे पहले कोटा ने नागौर को चार विकेट से और भीलवाड़ा को 213 रन से हराया था।
अजमेर-झालावाड़ : अजमेर ने पहली पारी में 123 रन की बढ़त हासिल कर ली। कल के स्कोर चार विकेट पर 45 रन से आगे खेलते हुए झालावाड़ की टीम 106 रन बनाकर आउट हो गई। जुबेर अली ने 30 रन बनाए। अक्षय चतुर्वेदी ने 20 रन देकर पांच विकेट लिए। शराफत को तीन विकेट मिले।
अजमेर ने दूसरी पारी में 114 रन ही बना सकी। संजय यादव ने 43 रन बनाकर पांच विकेट लिए। जबकि योगेश ने 23 रन पर पांच विकेट लिए। जीत के लिए 238 रनों के लक्ष्य को लेकर उतरी झालावाड़ टीम ने दूसरी पारी में पांच विकेट पर 114 रन बना लिए थे। तनवीर 43 रन बनाकर क्रीज पर थे।
नागौर-भीलवाड़ा : नागौर ने दो विकेट पर 92 रन से आगे खेल शुरू किया और पूरी टीम 284 रन पर आउट हो गई। इस तरह उसे 131 रनों की बढ़त मिली। चेतन ने 64,नरेश ने 44 व आलोक ने 38 रन बनाए। नरेंद्र चौधरी ने 103 रन देकर छह विकेट लिए। कुमार मंगलम को तीन विकेट मिले। भीलवाड़ा ने अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 67 रन बना लिए थे।
एसएसबी क्लब जीता
एसएसबी क्लब ने गंडेरो की ढाणी क्लब को पांच विकेट से हराकर सूरसागर क्रिकेट प्रतियोगिता जीत ली। ढाणी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 86 रन बनाए। एसएसबी क्लब के गजेंद्र तंवर ने पांच विकेट लिए। जवाब में एसएसब्ी टीम ने पांच विकेट खोकर मैच जीत लिया। मनोज ने 27 रन बनाए। धर्मेद्र ने चार विकेट लिए।