Chandigarh
अकाली दल और इनेलो गठबंधन संभव
भास्कर न्यूज Saturday, September 19, 2009 02:15 [IST]  

चंडीगढ़. हरियाणा में 13 अक्टूबर को होने जा रहे विधानसभा चुनाव में इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) मिलकर चुनाव लड़ सकते हैं। अकाली दल के हरियाणा से संबंधित नेताओं ने इनेलो के साथ मिलकर यह चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।



उन्होंने पार्टी अध्यक्ष सुखबीर बादल से इस संबंधी शीघ्र ही फैसला लेने की अपील की है। हरियाणा के पार्टी नेताओं ने यह अपील चंडीगढ़ में हुई पार्टी की बैठक में की, जिसमें विशेष रूप से पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, महासचिव बलविंदर सिंह भूंदड़, प्रो.प्रेम सिंह चंदूमाजरा तथा डॉ. दलजीत सिंह चीमा उपस्थित थे।



हरियाणा के नेताओं की अगुवाई जत्थेदार जोगिंदर सिंह अहिरवां ने की। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इनेलो व अकाली दल इकट्ठे होकर चुनाव लड़ें तो वे कांग्रेस का सफाया कर सकते हैं। अन्य वक्ताओं ने भी पार्टी प्रधान को इनेलो के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की अपील की। पार्टी अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने हरियाणा के नेताओं को विश्वास दिलाया कि वे उनकी भावनाओं को समझ चुके हैं तथा एक दो दिनों में पार्टी के वरिष्ठ साथियों के साथ मिलकर इस संबंधी कोई फैसला लेंगे। उन्होंने भूंदड़, चंदूमाजरा व चीमा को निर्देश दिए कि वे हरियाणा की घटनाओं पर नजर रखें, जिससे कि जल्द इस संबंधी कोई फैसला लिया जा सके।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: