लुधियाना. अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के प्रधान अशोक तंवर ने कहा है कि आज की यूथ कांग्रेस कल के कांग्रेस का भविष्य है। जो लोग आज के इस कैंप में भाग ले रहे हैं, वे आने वाले समय में नगर कौंसिलर से लेकर सांसद तक बनेंगे। इसलिए उन्हें ईमानदारी से पार्टी के लिए काम करना चाहिए। तंवर शुक्रवार को फिरोजपुर रोड पर पंजाब युवा कांग्रेस के कैंप के समापन समारोह में बोल रहे थे।
उन्होंने तथा सांसद जितेंद्र सिंह ने कैंप में भाग लेने वाले सभी जिला प्रधानों व ब्लाक प्रधानों और अन्य भाग लेने वालों को प्रमाण पत्र वितरित किए। जितेंद्र सिंह ने कहा कि जिन युवकों ने इस कैंप में भाग लिया है, उन्हें केंद्र सरकार की कमेटियों में एडजस्ट किया जाएगा। सभी जिला प्रधानों को पंजाब में बनी टेलीफोन सलाहकार कमेटी का सदस्य बना दिया गया है।
उन्होंने सलाह दी कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के लिए काम करें, तभी जाकर लोग पार्टी के साथ होंगे। जितेंद्र सिंह ने युवकों से कहा कि इस कैंप में जो भी व्यवसायिक प्रशिक्षण उन्हें दिया गया है, वे उसका लाभ उठाएं और अपने साथियों को भी इसकी जानकारी दें। सांसद जितेंद्र सिंह ने कहा कि वे सूचना के अधिकार के कानून का इस्तेमाल करते हुए गांव के विकास की सभी योजनाओं का पता लगाएं।
अगर कहीं गड़बड़ हो रही हो तो केंद्र सरकार के नोटिस में लाया जाए। उन्होंने साफ साफ कहा कि युवा कांग्रेस को समाज का प्रहरी बनना है। यही उनकी पहचान होनी चाहिए। पंजाब युवा कांग्रेस के प्रधान रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि पंजाब युवा कांग्रेस राहुल गांधी द्वारा दिखाए रास्ते पर चलेंगे।
उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस राज्य में यह देखेगी कि प्रदेश सरकार केंद्र की योजनाओं को ठीक से लागू करती है या नहीं। मामला कहीं गडबड़ हुआ तो सरकार के नोटिस में लाया जाएगा। कार्यक्रम में माणिक टैगोर, डिंपल राणा व अन्य नेताओं ने भी विचार रखे। सभी को अगले कैंप तक अलविदा किया गया।