Ludhiana
आर्थिक आपातकाल लागू हो
भास्कर न्यूज Sunday, September 20, 2009 03:16 [IST]  

लुधियाना. पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा है कि राज्य में आर्थिक आपातकाल लागू कर देना चाहिए, क्योंकि राज्य की आर्थिक स्थिति चरमरा गई है। राज्य सरकार के पास कर्मचारियों का वेतन देने तक का पैसा नहीं है। इसके लिए सरकारी रेस्ट हाउसों, जमीनों व गेस्ट हाउसों को नीलाम किया जा रहा है। वे शनिवार को यहां कचहरी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।



वे सिटी सेंटर घोटाले में पेशी भुगतने आए थे। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को हर माह वेतन देने के लिए 500 करोड़ रुपये चाहिए। जब उनसे पूछा गया कि पंजाब में आर्थिक आपात स्थिति घोषित करना राष्ट्रपति शासन लगाने की ओर पहला कदम ही होगा तो उन्होंने कहा कि वे इस बारे में कुछ नहीं बोलना चाहते।



राज्य के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल द्वारा किसानों को मुफ्त बिजली बंद करने, सब्सिडी खत्म करने के दिए बयानों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि मनप्रीत बादल का कोई स्टैंड नहीं है। अगर उसे लगता है कि अकाली दल में उसकी नहीं सुनी जा रही तो उसे पार्टी से इस्तीफा देकर वित्त मंत्री पद छोड़ देना चाहिए। फिर वे सही लोगों के साथ खड़े हों।



पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का प्रधान बनाने में देरी के सवाल पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी और कई राज्यों के प्रधान बनाए जा रहे हैं, यह मामला कांग्रेस हाईकमान और प्रधान श्रीमति सोनिया गांधी के विचाराधीन है। जल्द ही इस पर कोई फैसला हो जाएगा।



हरियाणा में अलग सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बनाए जाने के राज्य के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की आलोचना करते हुए कहा कि वे ऐसा करने के अधिकार नहीं रखते। दिल्ली में सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी अलग बनाए जाने के लिए उन्होंने धरना दिया था और आंदोलन किया था। उन्होंने कहा कि अब सुखबीर बादल को मुख्यमंत्री बना ही देना चाहिए।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: