लुधियाना. नन्हें मुन्ने बच्चे पानी में तैर कर एक दूसरे से आगे निकलने में लगे हुए थे। उनमें जीतने की ललक और जज्बा साफ दिखाई दे रहा था। क्योंकि यह तैर कर सबसे आगे रहने की ही प्रतियोगिता थी। यह प्रतियोगिता सतपॉल मित्तल स्कूल द्वारा करवाई गई। प्रतियोगिता अंडर 6, अंडर 8, अंडर 10, अंडर 12 और अंडर 14 आयुवर्ग के छात्रों के लिए थी।
प्रतियोगिता में स्विमिंग में नेशनल रिकार्ड धारी और लुधियाना के पूर्व मेयर अपिंदर सिंह ग्रेवाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। स्विमिंग प्रतियोगिता में खेल का जज्बा और फन दोनों नजर आए। फ्री स्टाइल लड़कों की प्रतियोगिता में अंडर 14 आयुवर्ग में सचिनमीत सिंह, अंडर 12 आयुवर्ग में गुनीत सिंह, अंडर 10 आयुवर्ग में जवतेश्वर सिंह विजेता रहे।
लड़कियों की 25 मीटर फ्री स्टाइल प्रतियोगिता के अंडर 10 आयुवर्ग में गुरमेहर कौर, अंडर 12 आयुवर्ग में दृष्टि बजाज ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर 6 और अंडर 8 आयुवर्ग की प्रतियोगिताएं आकर्षण का मुख्य केंद्र रही। नन्हें मुन्हें बच्चों को पानी में तैरते देख सुखद अनुभव हो रहा था। अंडर 6 आयुवर्ग में लड़कों में शौर्य मेहरा और लड़कियों में काव्या जैन ने फन रेस विद ट्यूब में पहला स्थान हासिल किया।
अंडर 8 आयुवर्ग में लड़कों की फन रेस विद फ्लोटर्स में दशमीत सिंह और लड़कियों में यतिका विजेता रहे। अंडर 14 लड़कों की 100 मीटर फ्री स्टाइल प्रतियोगिता में सचिनमीत सिंह पहले और गुरसिमरन सिंह दूसरे स्थान पर रहा। चार गुणा 50 रिले तैराकी में जूनियर वर्ग में गुरमेहर कौर, दृष्टि बजाज, धैर्य कालड़ा और प्रवर जैन की टीम विजेता रही।
सीनियर लड़कों की चार गुणा 50 मीटर रिले में सोहेल सिंह सोढी, साहिर चौधरी, गुरसिमरन सिंह और सचिनमीत सिंह की टीम विजेता बनी। प्रिंसिपल डॉ. राजीव चौहान ने छात्रों को प्रोत्साहित किया। मुख्य अतिथि अपिंदर सिंह ग्रेवाल ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए।