Ludhiana
अब जमाखोरी बर्दाश्त नहीं
Bhaskar News Wednesday, September 23, 2009 07:23 [IST]  

लुधियाना. पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि राज्य सरकार कालाबाजारी करने वाले के खिलाफ कठोर कदम उठाएगी। खाद्यानों का स्टाक कर मुनाफा कमाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। वे मंगलवार को पक्खोवाल रोड पर क्राउन टाउन का शिलान्यास करने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे।



बादल ने कहा कि राज्य सरकार राज्य में लगने वाले सभी मेगा प्रोजक्ट्स को तीन दिन में मंजूरी दे देगी। वे क्राउन टाउन को जल्दी मंजूरी दिए जाने पर उठाए गए सवाल पर जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खुद चाहती है कि यहां पर पूंजी निवेश हो। अगर मेगा प्रोजक्ट्स में किसी प्रकार की दिक्कत आए तो वे खुद दखल देने को तैयार हैं।



हरियाणा में गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी बनाने की मांग करने वाले अकाली नेता जगदीश सिंह झींडा और अवतार सिंह मक्कड़ में किसी प्रकार की गुप्त समझौते की जानकारी से उन्होंने इंकार किया। बादल ने साफ कहा कि अगर कोई किसी धर्म के धार्मिक स्थल पर कब्जा करता है तो इस जैसा कोई और अपराध नहीं हो सकता। उन्होंने इसे कत्ल के बराबर की संज्ञा दी।

सब्सिडी के संबंध में उपसमिति गठित



मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सब्सिडी जारी रखने या खत्म करने के लिए दो सदस्यीय उपसमिति का गठन किया गया है, जो अपनी रिपोर्ट एक माह में दे देगी। इस कमेटी में डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल और स्थानीय निकाय मंत्री मनोरंजन कालिया हैं। इसलिए वे बिजली के बढ़े रेटों या सब्सिडी के मुद्दे पर कुछ नहीं बोलना चाहते।



पंजाब में बिजली संकट के लिए कैप्टन अमरिंदर सिंह को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि इन्होंने एक यूनिट बिजली पैदा नहीं कि जबकि अकाली भाजपा सरकार ने चार बिजली थर्मल प्लांटों को मंजूरी दी है। गोइंदवाल साहिब प्रोजेक्ट दो वर्ष में पूरा हो जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शाहपुरकंडी को उन्होंने राष्ट्रीय प्रोजेक्ट घोषित करवा दिया है। उनका साफ कहना था कि कांग्रेसी बातें बना सकते हैं और कुछ नहीं।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: