Jodhpur
राशन विक्रेताओं ने निकाली रैली
भास्कर न्यूज Saturday, September 26, 2009 04:54 [IST]  

जोधपुर. राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित नई राशन वितरण प्रणाली के विरोध में राशन विक्रेताओं का चार दिवसीय आंदोलन शुक्रवार को जारी रहा। राशन डीलरों ने आज वाहन रैली निकाली औेर पावटा चौराहे पर रास्ता जाम कर विरोध प्रकट किया।



राजस्थान राज्य अधिकृत विक्रेता संघ के बैनर तले राशन डीलर शुक्रवार सुबह 11 बजे पाल रोड पर एकत्र हुए। वहां से दुपहिया वाहनों पर सवार होकर वे एक रैली के रूप में निकले। इसे राशन विक्रेता संघर्ष समिति के संयोजक केशवनाथ जोशी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मथुरादास सर्किल, कोहिनूर सिनेमा रोड, जालोरीगेट व एमजीएच मार्ग होते हुए यह रैली पावटा सर्किल पहुंची।



वहां पर राशन डीलरों ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारियों ने आंदोलनकारियों को संबोधित करते हुए रिक्शे के जरिए केरोसिन तथा डेयरी बूथों से दालों का वितरण किए जाने के सरकार के निर्णय की आलोचना करते हुए इस व्यवस्था को वापस लेने की मांग की। पावटा पर प्रदर्शन के दौरान रास्ता जाम हो गया। ऐसे में यहां से गुजरने वालों को परेशानी उठानी पड़ी। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा बुझा कर रास्ता खुलवाया।



आज निकालेंगे मशाल जुलूस



रशन डीलरों के आंदोलन की कड़ी में शनिवार शाम 7 बजे मशाल जुलूस निकाला जाएगा। संघ के जिला प्रवक्ता दिनेश सोलंकी ने बताया कि मशाल जुलूस जालोरीगेट से प्रारंभ होकर मुख्य मार्गो से होता हुआ नई सड़क स्थित राजीव गांधी सर्किल पर पहुंच कर विसर्जित होगा। इसमें शहरी क्षेत्र के सभी राशन डीलर भाग लेंगे।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: