जोधपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत करीब साढ़े चार माह बाद शनिवार दोपहर बाद जोधपुर पहुंचेंगे। गहलोत के बहुप्रतीक्षित दौरे में उनके आने से पहले ही जोधपुर के एक प्रमुख अस्पताल को 70 लाख रुपए भी मिल गए। इतना ही नहीं शुक्रवार को तीन घंटे में अस्पतलों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले भी ले लिए गए। इसके कारण अगले कुछ दिनों में ही मरीजों को मुश्किल हालातों से मुक्ति मिल जाएंगी।
मुख्यमंत्री नई चिकित्सा सुविधाओं में एमडीएम अस्पताल में बारह पलंग की सर्जिकल आईसीयू, सत्तर पलंग की क्षमता वाले नए सर्जिकल वार्ड का शुभारम्भ कर सकते है। इसके लिए महात्मा गांधी अस्पताल से एक सर्जरी की यूनिट भी आना प्रस्तावित है। इस यूनिट के यहां शिफ्ट होने से अस्पताल में पूरा सर्जरी विभाग प्रथम तल पर संचालित हो सकेगा।
निर्माणाधीन कॉर्डियोथोरिसिस सेंटर के प्रथम तल पर कॉर्डियालोजी विभाग की ओपीडी व केंसर रोगियों के लिए ब्रेकी थैरपी सुविधा के शुभारम्भ होने की भी सम्भावना है। इसके अलावा मुख्यमंत्री महात्मा गांधी अस्पतल के नवर्निमित पोस्ट ऑपरेटिव व फिजियोंथैरेपी सेंटर का भी अवलोकन कर सकते हैं।
जीवन रक्षक उपकरणों की कमी से जूझ रहे मथुरादास माथुर अस्पताल के ट्रोमा सेंटर व जल्द शुरू होने वाली बारह पलंग की क्षमता वाली नवनिर्मित सर्जिकल आईसीयू के लिए अस्पताल प्रबंधन जल्द ही आवश्यक उपकरणों की खरीद शुरू करेगा। अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में स्थापना के बाद से ही उपकरणों व अन्य आवश्यक संसाधनों की कमी खल रही है। इनका खामियाजा कई बार मरीजों को भुगतना पड़ता है।