खन्ना. अनाज मंडी खन्ना में शनिवार को मुख्य संसदीय सचिव बिक्रमजीत सिंह खालसा तथा एसडीएम खन्ना अश्वनी कुमार द्वारा खरीद प्रबंधों की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद खालसा और एसडीएम ने आढ़तियो, खरीद एजेंसियों के नुमाइंदों तथा किसान नेताओं के साथ अहम बैठक भी की।
मुख्य संसदीय सचिव बिक्रमजीत सिंह खालसा ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की योग्य अगुवाई में किसानों को कोई भी दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का किसान हितैषी होने का सबूत है कि इस बार धान की खरीद 1 अक्तूबर से दो दिन पहले शुरू की जा रही है। अनाज मंडी में खरीद के सभी प्रबंध मुकम्मल हैं तथा किसी भी किसान को कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी।
वहीं एसडीएम ने कहा कि अगर किसी को कोई शिकायत हो तो वह मुझे सीधे तौर पर मिल सकता है। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के सचिव सुखमिंद्र सिंह मांगट, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान हरनेक सिंह बैनीपाल, राजिंद्र सिंह जीत,दविंद्र सिंह खटड़ा, लखबीर सिंह कलाल माजरा, जसदीप सिंह हैप्पी, गुरदीप सिंह नीटा मौजूद थे।