जोधपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शनिवार को तीन दिवसीय यात्रा पर अपने गृह नगर पहुंचे। चार माह दस दिन बाद जोधपुर आए मुख्यमंत्री रविवार को सर्किट हाउस में जनता दरबार में जन सुनवाई कर आम जन के सुख दुख पूछेंगे। मुख्यमंत्री दो दिन यहां रह कर विभिन्न कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे। मुख्यमंत्री का पहला दिन मिलने—मिलाने में बीता।
मुख्यमंत्री गहलोत शाम पौने चार बजे हेलीकॉप्टर से नागौर से जोधपुर हवाई अड्डे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं केद्रीय मंत्री डॉ. सीपी जोशी व शिक्षा मंत्री मास्टर भंवरलाल भी आए थे। मुख्यमंत्री ने उनके स्वागत में लाई गई सूत व पुष्पों की मालाएं स्वयं नहीं पहन कर प्रदेशाध्यक्ष डॉ. जोशी व शिक्षा मंत्री मेघवाल को पहनवा दी।
इसके बाद जोशी और मास्टर भंवरलाल हेलीकॉप्टर में जयपुर रवाना हो गए। मुख्यमंत्री का यहां पहुंचने पर एयरपोर्ट के अंदर जिला प्रशासन व चुनिंदा लोगों ने गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया।उनका स्वागत करने वालों में विधायक ओम जोशी, पूर्व विधायक जुगल काबरा, भंवर बलाई, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सईद अंसारी, राजेंद्रसिंह सोलंकी, महापौर डॉ. ओमकु मारी गहलोत, उप महापौर गनी फौजदार सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल थे।