जोधपुर. राशन सामग्री के वितरण की नई व्यवस्था से नाराज चल रहे राशन डीलर सोमवार को खाद्य मंत्री बाबूलाल नागर का पुतला जलाकर प्रदर्शन करेंगे। राजस्थान राज्य अधिकृत राशन विक्रेता संघ के बैनर तले राशन डीलर सोमवार को सुबह 10 बजे जालोरीगेट पर एकत्रित होंगे।
यहां से जुलूस के रूप में एमजीएच मार्ग व सोजतीगेट होते हुए नई सड़क राजीव गांधी सर्किल पहुंचेगे। यहां करीब 11 बजे प्रदर्शन करने के बाद राशन डीलर ेराज्य के खाद्य मंत्री बाबूलाल नागर का पुतला फूंकेंगे। संघ के जिला प्रवक्ता दिनेश सोलंकी ने बताया कि प्रदर्शन में शहर के सभी राशन डीलर भाग लेंगे। रविवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से राशन विक्रेताओं ने मुलाकात के लिए समय लेने का प्रयास किया, लेकिन संभव नहीं हो पाया। राशन डीलरों ने आंदोलन को जारी रखते हुए सोमवार को पुतला फूंकने का कार्यक्रम रखा है।