जोधपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष सईद अंसारी, पूर्व विधायक जुगल काबरा और पूर्व न्यास अध्यक्ष राजेंद्र सोलंकी को स्पष्ट कहा कि गुटबाजी बंद करें। नगर निगम चुनाव आ रहे हैं, सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलें। आप अपना दिमाग ठंडा रखें। आपको मौका मिला है तो काम करके दिखाएं।
गहलोत ने करीब एक घंटे तक तीनों नेताओं को अकेले में यह नसीहत दी।मुख्यमंत्री गहलोत रविवार रात कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं की बैठक ली। इसके बाद उन्होंने अंसारी, काबरा व सोलंकी को साथ बैठाया और कहा कि वे पार्टी हित में गुटबाजी छोड़ें। आगामी नगर निगम चुनावों की तैयारी में जुट जाएं।
गहलोत ने इससे पहले कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों एवं आने वाले निगम के चुनाव से संबंधी फीड बैक लिया। गहलोत ने काबरा से भी कहा, आप भी सुन लीजिए, आप वरिष्ठ हैं। आप सारी चीजों को व्यवस्थित करें। उन्होंने सोलंकी से भी कहा, पार्टी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलें ताकि किसी को अंगुली उठाने का मौका न मिले।
तीनों से कहा, जितने भी शिकवे गिले हैं, साथ बैठकर दूर कर लें। दुबारा ऐसी बातें नहीं आनी चाहिए।इससे पहले बीती रात गहलोत ने अंसारी को कहा कि कार्यालय में तो आपने एसी लगा दिए, लेकिन आपका दिमाग एसी जैसा क्यों नहीं हो रहा है। अंसारी कोई जवाब देते, इससे पहले गहलोत ने कहा, दिमाग ठंडा करो, अपने झगड़े खत्म करो।
इससे पार्टी और संगठन को नुकसान हो रहा है। कार्यकर्ताओं में अच्छा मैसेज नहीं जा रहा है। अंसारी ने कहा, साहब मेरे से लोग बेवजह नाराज हैं। गहलोत ने कहा कि नाराजगी तो तुम से ज्यादा मेरे से होनी चाहिए? नाराजगी दूर करने का समय आए तो नाराजगी दूर भी करनी चाहिए। मैं भी तो लोगों कीनाराजगी दूर करता हूं। आप तो ईगो लिए बैठे हो। इसका नुकसान किसे हो रहा है, इसका तुम्हें अंदाजा नहीं है। पार्टी ने मौका दिया है तो जनता की समस्याओं का समाधान करो, कार्यकर्ताओं को मोटीवेट करो।