टोक्यो. भारत की टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा आज यहां चीन की जी झेंग से हारकर पैन पैसिफिक टेनिस टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। झेंग ने दो घंटे से अधिक समय तक चले पहले दौर के मैच में सानिया को तीन सेटों तक चले मुकाबले में 5-7, 6-2, 6-3 से हराया।
सानिया ने मैच में अच्छी शुरूआत की और पहला सेट 7-5 से जीत लिया। पहले सेट में सानिया ने झेंग की सíवस तीन बार तोडी लेकिन इसके बाद सानिया कुछ खास नही ंकर सकीं और अगले दोनों सेट हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।
पैन पैसिफिक ओपन में सफीना की हार
टोक्यो. दिनारा सफीना और स्वेतलाना कुजनेत्सोवा पैन पैसिफिक ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले ही दौर में हारकर बाहर हो गई हैं। उधर, मारिया शारापोवा समेत अन्य वरीय खिलाड़ियों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर दूसरे दौर में जगह बना ली है। सोमवार को हुए पहले दौर के मुकाबले में ताइवानी क्वालीफायर चेंग काई चेन ने रूसी खिलाड़ी सफीना को 7-6(5), 4-6, 7-5 से हराकर सनसनी फैला दी।
पहला सेट टाइब्रेकर में हारने के बाद रूसी खिलाड़ी ने दूसरा सेट 6-4 से जीतकर मुकाबले में वापसी की। तीसरे और निर्णायक सेट में 132वीं रैंकिंग की ताइवानी खिलाड़ी फिर भारी पड़ीं। उन्होंने तीसरा सेट 7-5 से अपने नाम कर अपने कॅरियर की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। सफीना की हमवतन स्वेतलाना कुजनेत्सोवा को विश्व की 58वें नंबर की जर्मन खिलाड़ी आंद्रेया पेत्कोविक ने 7-5, 4-6, 6-3 से शिकस्त दी।
रूस की मारिया शारापोवा ने एक संघर्षपूर्ण मुकाबले में इटली की फ्रांसिस्का शिवोन को 4-6, 7-5, 6-1 से हराया। रूस की ही नादिया पेत्रोवा, वेरा दसवीना, यूक्रेन की कैटरीना बोंदारेंको, पोलैंड की एग्निस्जका राद्वांस्का, ऑस्ट्रेलिया की समांथा स्टोसुर, फ्रांस की मेरियन बारतोली और स्लोवाकिया की डेनियला हंतुचोवा भी दूसरे दौर में जगह बनाने में कामयाब रहीं।