जोधपुर. जेट एयरवेज के बाद अब एयर इंडिया की दिल्ली, जोधपुर, उदयपुर व मुंबई तथा वापसी के लिए सप्ताह के सातों दिन नियमित फ्लाइट्स 25 अक्टूबर से प्रस्तावित है। जेट एयरवेज की जोधपुर मुंबई फ्लाइट पहले से ही नियमित रूप से जारी है जबकि एक अक्टूबर से दिल्ली जोधपुर फ्लाइट भी नियमित रूप से शुरू हो जाएगी।
एयर इंडिया में हालांकि विगत तीन दिन से पायलॅट् की हड़ताल जारी है, लेकिन इसका जोधपुर एयरपोर्ट पर आंशिक प्रभाव पड़ा है। सोमवार को एयरइंडिया की दिल्ली, जोधपुर व उदयपुर होते हुए मुंबई जाने वाली फ्लाइट संख्या आईसी 471 अपने निर्धारित समय से आधा घंटा देरी से पहुंची तथा बाद में उदयपुर होते हुए मुंबई के लिए प्रस्थान कर गई।
एयर इंडिया के स्थानीय प्रबंधक मोहम्मद आरिफ ने बताया कि एयरइंडिया के पायलॅट्स के अचानक अवकाश पर चले जाने से कुछ घरेलू व अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द करनी पड़ी थी, लेकिन प्राप्त जानकारी के अनुसार हड़ताल खत्म होने को है तथा अगले 24 घंटे में एयरलाइन्स की सेवाएं नियमित रूप से उड़ान भरने लगेंगी।
उन्होंने बताया कि हड़ताल के बावजूद पिछले दो दिन से कम से कम एक फ्लाइट तो ऑपरेट कर ही रही है। उन्होंने बताया कि एयरइंडिया के उच्चधिकारियों के पास नियमित रूप से दिल्ली, जोधपुर, उदयपुर तथा मुंबई मार्ग पर नियमित रूप से उड़ानें शुरू करने का प्रस्ताव लंबित है जिसके शीघ्र ही क्रियान्वित हो जाने की संभावना है।
मुंबई से आया जोधपुर के लिए विशेष विमान
आरिफ ने बताया कि रविवार शाम एयरइंडिया का एयरक्राफ्ट जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचा जिसमें मुंबई एयरपोर्ट पर जोधपुर आने के लिए अटके हुए 50 यात्री सवार थे। वापसी में इसी विमान से कुछ यात्रियों ने फ्लाइट पकड़ी तथा अहमदाबाद होते हुए मुंबई के लिए प्रस्थान किया।