कुआलालंपुर. रोहन बोपन्ना ने अर्जेटीना के जोस अकासूसो को हराकर प्रोटोन मलेशियन ओपन टेनिस टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में प्रवेश कर लिया है। बोपन्ना नौ लाख ४७ हजार ७५क् डालर इनामी राशि वाले इस टूर्नामेंट के मुख्य ड्रा के पहले राउंड में आज अकासूसो को 4-6, 6-3, 6-4 से हराकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
बोपन्ना को पहले सेट में काफी संघर्ष करना पड़ा और वह यह सेट 4-6 से हार गए। लेकिन इसके बाद भारतीय खिलाड़ी ने वापसी की और अपने खेल का स्तर सुधारते हुए अगले दोनों सेट जीतकर दूसरे दौर में पहुंच गए। बोपन्ना का अब अगले राउंड में गुरुवार को चौथी वरीयता प्राप्त चिली के फर्नाडो गोंजालेज से मुकाबला होगा।
उधर बोपन्ना युगल मुकाबले के भी दूसरे दौर में पहुंच गए हैं। बोपन्ना और पाकिस्तान के एसाम उल हक कुरैशी की जोड़ी ने युगल के पहले राउंड में स्वीडन के सिमोन एस्पिलन और अमरीका के पाल हेनली की जोड़ी को लगातार सेटों में 6-3, 6-4 से हराया था। दूसरे राउंड का मुकाबला बुधवार को होना है।