टोक्यो. पेन पेसिफिक ओपन में गैर वरीय खिलाड़ी के रूप में उतरी मारिया शारापोवा ने सामंता स्टोसुर को हराकर अंतिम सोलह में जगह बना ली है।
जबकि वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों के लिए यह टूर्नामेंट बेहद मुश्किल साबित हो रहा है। शारापोवा ने स्टोसुर को 6-0, 6-1 से हराया जबकि तीसरी वरीयता प्राप्त इलेना देमेंतिएवा, चौथी वरीयता प्राप्त कैरोलिन वोज्निएकी और छठी वरीयता प्राप्त वेरा जेवोनारेवा को शिकस्त खाकर बाहर हो जाना पड़ा।
ओलंपिक चैंपियन रूस की देमेंतिएवा को यूक्रेन की कैटरीना बोंडारेंको ने 6-2,7-6, 6-1 से हराया। इस तरह टूर्नामेंट की पहली तीनों शीर्ष वरीयता वाली खिलाड़ी बाहर हो गयी हैं। इसके पहले शीर्ष वरीयता प्राप्त दिनारा सफीना और दूसरी वरीयता प्राप्त वीनस विलियम्स को दूसरे ही दौर में मात खानी पड़ी थी। थोड़ी देर बाद डेनमार्क की वोज्निएकी को भी वायरल संक्रमण के कारण कनाडा की एलेक्सांद्रा वोज्नियक के खिलाफ अपना मैच अधूरा छोड़कर हट जाना पड़ा।
हालांकि उस समय वह पहले सेट में 0-5 से पीछे चल रही थीं। दिन के अंतिम पलों में रूस की जेवोनारेवा के रूप में एक और सीड भी गिर गई। उन्हें अपने ही देश की एलिसा क्लेबानोवा ने 3-6, 6-4, 6-2 से हराकर बाहर कर दिया। आठवीं वरीयता प्राप्त बेलारूस की विक्टोरिया एजारेंका ने भी चीन की झेंग जिई को 6-1,6-1 से रौंद दिया। इसके अलावा मैरियन बातरेली और १५वीं वरीयता प्राप्त ली ना ने भी अगले दौर में जगह बना ली है।