Vichaar
शोधकर्ता से राजनेता तक का सफर
Bhaskar News Wednesday, September 30, 2009 01:35 [IST]  

Angela Merkelयदि एंजेला मर्केल राजनीति में नहीं आतीं तो आज वे शायद किसी यूनिवर्सिटी में रसायन शास्त्र पढ़ा रही होतीं। क्वांटम केमिस्ट्री में डॉक्टरेट करने वाली जर्मनी की चांसलर एंजेला का जन्म 17 जुलाई 1954 को एक बुद्धिजीवी परिवार में हुआ था। उनके पिता हॉस्र्ट कैसनेर धर्मशास्त्र के ज्ञाता और एक चर्च में पादरी थे।

मां हरलिंद अंग्रेजी और लैटिन की शिक्षिका थीं। एंजेला ने भौतिकी में अध्ययन करने के बाद सेंट्रल इंस्टीटच्यूट फॉर फिजिकल केमिस्ट्री में काम करना शुरू कर दिया। बाद में कुछ साल उन्होंने शोधकर्ता के रूप में भी कार्य किया।

एंजेला मर्केल के राजनीतिक जीवन की शुरुआत बर्लिन की दीवार ढहने के बाद पूर्वी जर्मनी में लोकतांत्रिक आंदोलन के जोर पकड़ने के साथ हुई थी। वे नई पार्टी ‘डेमोक्रेटिक अवेकनिंग’ में शामिल हो गईं और पूर्वी जर्मनी के पहले और अंतिम लोकतांत्रिक चुनावों के बाद गठित हुई कार्यवाहक सरकार की उप प्रवक्ता बनाई गईं। जर्मनी के एकीकरण के बाद वे क्रिश्चियन डेमोक्रेटिक पार्टी में शामिल हो गईं। यहां से उनका राजनीतिक सफर बड़ी तेजी से आगे बढ़ा। 22 नवंबर 2005 को वह जर्मनी की चांसलर बनीं। अभी हाल ही में हुए चुनावों में उनके नेतृत्व में सत्ताधारी गठबंधन को लगातार दूसरी बार विजय मिली है।

एंजेला के दो विवाह हुए हैं। उन्हांेने पहली शादी 1977 में भौतिकी के छात्र उलरिच मर्केल से उस समय की थी, जब वे स्वयं भौतिक शास्त्र का अध्ययन कर रही थीं। यह शादी ज्यादा समय नहीं चली और 1982 में उनका तलाक हो गया। बाद में उन्होंने क्वांटम केमिस्ट्री के प्रोफेसर जोशिम सोएर से दूसरी शादी की। हालांकि एंजेला ने अपने नाम के साथ पहले पति के सरनेम को ही बनाए रखा। एंजेला को रूसी भाषा में भी महारत हासिल है।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: