Jodhpur
‘विकास में पीछे नहीं रहेगा जोधपुर’
भास्कर न्यूज़ Wednesday, September 30, 2009 06:40 [IST]  

जोधपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि देश और प्रदेश में ईमानदारी से संतुलित विकास करने की जरूरत है। उन्होंने 14 करोड़ की लागत से भदवासिया रेलवे क्रॉसिंग पर ओवर ब्रिज बनाने की घोषणा करते हुए विश्वास दिलाया कि अब जोधपुर को विकास में पीछे नहीं रहने दिया जाएगा। गहलोत ने मंगलवार सुबह माता का थान स्कूल में जेडीए की 61.65 करोड़ की एकीकृत आवास एवं स्लम एरिया विकास योजना की शुरुआत के समारोह में यह बात कही।



उन्होंने कहा कि मुझे अपने विधानसभा क्षेत्र के लोगों की पीड़ा का अहसास है। इसे कम करने के लिए ही इस ओवर ब्रिज का जेडीए से निर्माण कराया जाएगा। रेलवे से जैसे ही परमिशन मिलेगी, निर्माण शुरू कर देंगे। उन्होंने जोधपुर में बढ़ते भू जल पर चिंता करते हुए रुड़की व हैदराबाद की टीम से सर्वे करवा इसके समाधान का विश्वास दिलाया।



हर गलती कीमत मांगती है



गहलोत ने कहा कि हर गलती कीमत मांगती है। भाजपा शासन में मुख्यमंत्री ने ढाई साल पहले कार्डिक सीसीयू का उद्घाटन कर दिया, लेकिन संसाधन नहीं जुटाए। नर्मदा का पानी लाने के नाम पर उद्घाटन पर 86 लाख रुपए खर्च कर दिए।



ये तो लक्की सांसद



मुख्यमंत्री ने चंद्रेश कुमारी को लक्की सांसद बताया। जब से ये सांसद बनी हैं, जोधपुर का चहुंमुखी विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि बजट पेश करते वक्त विपक्ष ने उन्हें जोधपुर का सीएम करार दे दिया, तब मैंने कहा, पांच वर्ष आपने मेरे शहर की उपेक्षा की, अब वक्त आया है तो जोधपुर का विकास नहीं करें? सांसद चंद्रेश कुमारी ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को विकास का मसीहा बताते हुए कहा कि हुकम म्हाने तो एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी दे दो।



उन्होंने पिछली भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि स्लम एरिया डवलप की जिस योजना का शुभारंभ आज हुआ है, इसका आकार छोटा कर गरीबों को नुकसान पहंचाया गया है। जिला प्रभारी एवं शिक्षा मंत्री मा.भंवरलाल मेघवाल ने कहा कि जेडीए व कलेक्टर सहित प्रशासन के अधिकारी सुन लें, ये काम समय पर पूरे होने चाहिए।



स्वतंत्रता सेनानी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दिवंगत स्वतंत्रता सेनानी श्यामसुंदर व्यास के घर जाकर उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए तथा उनके परिवार को सांत्वना दी।



समस्याएं सुनी: मुख्यमंत्री ने जोधपुर से रवाना होने से पहले एयरपोर्ट पर कंदोई बाजार के व्यापारियों की सड़क निर्माण संबंधी समस्या सुनी वहीं अन्य लोगों से भी ज्ञापन लिए।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: