जोहानिसबर्ग. तेज गेंदबाज प्रवीण कुमार और आशीष नेहरा (3-3 विकेट) की सटीक गेंदबाजी और विराट कोहली (79*) की शानदार बल्लेबाजी की मदद से टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को चैंपियंसट ट्राफी के अंतिम लीग मुकाबले में सात विकेट से हराकर सांत्वना जीत दर्ज की है। क्योंकि पूल ए से आस्ट्रेलिया और पाकिस्तान पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं।
भारत ने पहले तो वेस्टइंडीज की नवागत टीम को 129 रनों के मामूली से स्कोर पर समेट और बाद में जरूरी रन 32.1 ओवर में तीन विकेट पर बना लिए। भारत की ओर से कोहली के अलावा दिनेश कार्तिक ने 34 रनों की पारी खेली। जबकि राहुल द्रविड़ और गंभीर सस्ते में आउट हो गए।
इससे पूर्व तेज गेंदबाजों प्रवीण कुमार (3/22) और आशीष नेहरा (3/31) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी के आखिरी लीग मैच में वेस्टइंडीज को 129 रन पर ढेर कर दिया। यहां के न्यू वांडर्स स्टेडियम में बुधवार को टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने उतरी टीम इंडिया ने दोयम दर्जे की वेस्टइंडीज टीम को शुरू से ही झटके दिए। भारत को पहली कामयाबी प्रवीण कुमार ने दिलाई।
उन्होंने प्रतिद्वंद्वी ओपनर आंद्रे फ्लेचर को खाता खोले बिना ही पैवेलियन भेज दिया। इसके बाद आशीष नेहरा ने भारत को दोहरी सफलता दिलाते हुए कीरन पॉवेल (5) और डेवोन स्मिथ (21) को धोनी के हाथों कैच कराया।
धोनी को पहला विकेट : 27 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद दबाव में आए इंडीज के बल्लेबाज एक-एक रन के लिए संघर्ष करते दिखे। इस बीच, चतुर कप्तान के रूप में पहचाने जाने वाले महेंद्र सिंह धोनी ने सभी को चकित करते हुए खुद गेंद संभाल ली। उनका यह बदलाव रंग लाया और उन्होंने डाउलिन को बोल्ड कर वनडे क्रिकेट में अपना पहला विकेट लिया।
सबसे बड़ी साझेदारी 32 रन की: इंडीज के लिए डेविड बर्नार्ड (22) और डेरेन सैमी (23) ने छठे विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी की। यह वेस्टइंडीज की ओर से मैच में सबसे बड़ी साझेदारी थी। छठा विकेट 89 रन पर गिरने के बाद कैरीबियाई टीम 40 रन और जोड़कर आउट हो गई।
प्रवीण-नेहरा को 3-3 विकेट
वेस्टइंडीज को सस्ते में समेटने का श्रेय प्रवीण कुमार और आशीष नेहरा को रहा। इन दोनों ने कसी गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट लिए। हरभजन सिंह को दो और अमित मिश्रा को एक विकेट मिला।