बायकानूर. कनाडा के सर्कस ‘सर्क डच्यू सोलेल’ के करोड़पति जोकर गाय लेलिबर्त बुधवार को दो अन्य लोगों के साथ अंतरिक्ष स्पेस स्टेशन के लिए रवाना हो गए। बता दें कि सर्कस ‘सर्क डच्यू सोलेल’ के संस्थापक लेलिबर्त ही हैं।
उनके साथ अमेरिका के एस्ट्रोनॉट जेफ्रे विलियम्स और रूस के कास्मोनॉट मैक्सिम सूरायेव भी गए हैं। बायकानूर स्पेस स्टेशन से एक सोयूज कैप्सूल में रवाना तीनों अंतरिक्ष यात्रियों की उड़ान कामयाब रही। उड़ान की कामयाबी के बाद लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी।
लेलिबर्त की पार्टनर और पूर्व मॉडल क्लॉडिया बारिला तो अपने आंसू नहीं रोक सकीं। कैप्सूल से भेजे गए फुटेज में सभी अंतरिक्ष यात्री अपने काम में व्यस्त दिखे और बीच-बीच में वे कैमरे के आगे आकर लोगों का अभिवादन भी कर रहे थे। नासा टीती के अनाउंसर ने भी सभी अंतरिक्ष यात्रियों के स्वस्थ और प्रसन्न रहने की पुष्टि की है।