टोक्यो. पूर्व नंबर एक खिलाड़ी रूस की मारिया शारापोवा और सर्बिया की जेलेना जानकोविक पैन पैसिफिक जापान ओपन टेनिस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। सेमीफाइनल के लिए शारापोवा का मुकाबला इवेटा बेनेसोवा से और जानकोविक का मुकाबला मेरियन बारतोली से होगा।
मौजूदा विश्व रैंकिंग में 25वें नंबर की खिलाड़ी शारापोवा ने हमवतन खिलाड़ी एलिसा क्लेबानोवा को 2-6, 6-2, 6-2 से शिकस्त दी। क्लेबानोवा ने पहला सेट जीतकर उलटफेर की उम्मीद जरूर जगाई , लेकिन शारापोवा ने पटलवार करते हुए उनके अरमानों को धूल में मिला दिया। एक अन्य पूर्व नंबर एक खिलाड़ी जेलेना जानकोविक को प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ी रूस की एलेना वेस्नीना के बीच में मुकाबला छोड़ने के कारण क्वार्टर फाइनल में प्रवेश मिल गया। वेस्नीना ने जब पांव की मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से मैच से हटने का निर्णय लिया, तब जानकोविक 6-1, 3-1 से आगे थीं।
इन दोनों के अलावा चेक गणराज्य की इवेटा बेनेसोवा, फ्रांस की मेरियन बारतोली, पोलैंड की एग्निस्जका राद्वांस्का, चीन की ली ना और स्लोवाकिया की मेग्दलेना रिबारिकोवा भी अंतिम आठ में पहुंचने में कामयाब रहीं। बेनेसोवा ने चांग काइ चेन 7-5, 6-2 से, बारतोली ने अनास्तासिया पाव्ल्यूचेंकोवा को 4-6, 6-2, 7-5 से, राद्वांस्का ने आंद्रेया पेत्कोविक को 6-4, 3-6, 6-4 से, ली ना ने कैटरीना बोंदारेंको को 2-6, 7-5, 6-3 से और रिबारिकोवा ने एलेक्जेंद्रा वोज्नियाक 1-6, 6-3, 6-3 से मात दी।