Ludhiana
एसएसपी दफ्तर में नर्म पड़े ढांडा-गोसाईं
भास्कर न्यूज Friday, October 02, 2009 03:54 [IST]  

लुधियाना. पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर सतपाल गोसाईं और मुख्य संसदीय सचिव हरीश राय ढांडा गर्म तेवर लेकर एसएसपी दफ्तर में घुसे। करीब पौने दो घंटे बाद जब दोनों बाहर निकले तो जोड़ी के तेवर बहुत नर्म पड़ चुके थे। दफ्तर के बाहर निकल कर गोसाई तो चुप रहे। ढांडा ने यह कह कर बात टालने की कोशिश की कि उन्होंने शहर की ट्रैफिक समस्या पर एसएसपी से मीटिंग की है।



गोसाईं दोपहर करीब 12 बजे एसएसपी दफ्तर पहुंचे, जबकि ढांडा पौने एक बजे के करीब यहां आए। दोनों करीब पौने दो बजे बाहर आए। इस दौरान तक अपनी शिकायतों को लेकर एसएसपी से मिलने वाले लोग बाहर खड़े इंतजार करते रहे। सुबह गोसाईं के पीए ने पत्रकारों को फोन किया कि डिप्टी स्पीकर के पास एसएसपी के खिलाफ बहुत शिकायतें पहुंची हैं।



इसमें कुछ शिकायतें भू-माफिया के बारे में भी हैं। वह कोई बड़ा खुलासा करना चाहते हैं। इसके बाद गोसाईं पत्रकारों से भी बातचीत करना चाहते हैं। काफी देर बाद गोसाईं और ढांडा बाहर निकले। गोसाईं कुछ नहीं बोले। ढांडा ने कहना शुरू किया कि शहर में ट्रैफिक के हालात बद्तर हो रहे हैं। वह एसएसपी से ट्रैफिक के मसले पर मिले थे।



इसमें उन्होंने विचार किया है कि शहर के किस क्षेत्र को वन—वे किए जाने से ट्रैफिक के हालातों पर नियंत्रण किया जा सकता है। इसके अलावा शहर में भारी वाहनों की नो—एंट्री की समय सीमा बढ़ा कर रात को साढ़े नौ बजे तक करने पर विचार है। भू-माफिया संबंधी पूछे सवाल पर गोसाईं व ढांडा की जोड़ी चुप रही। उन्होंने कहा कि अभी इस मामले के खुलासे में वक्त लगेगा। अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगा।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: