भोपाल. राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को राजधानी में अनेक कार्यक्रम होंगे। स्वराज संस्थान द्वारा रवींद्र भवन में राम-रहीम भजन संध्या का आयोजन किया गया है। इस भजन संध्या में कालूराम बामनिया और कल्पना झोकरकर अपनी प्रस्तुति देंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी मेला आयोजित किया जाएगा, जो आठ अक्टूबर तक चलेगा। जवाहर बाल भवन में दोपहर दो बजे एकल भजन प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। बच्चे एक बजे तक अपना पंजीयन संगीत प्रभारी के पास करा सकते हैं।
आर्ट ऑफ लिविंग भोपाल परिवार ने यूनाईटेड मिलेनियम डेवलपमेंट गोल्स कैम्पेन के साथ मिलकर स्पीड-2009 वाहन रैली आयोजित की है। रैली त्रिलंगा परिसर से सुबह आठ बजे शुरू होकर दौलतपुरा ग्राम पर समाप्त होगी। गांधी आश्रम (नि:शक्त बालक छात्रावास) गांधी नगर में प्रात: 10 बजे से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कायस्थ महापंचायत द्वारा सुबह आठ बजे पुरानी विधानसभा चौराहे पर एवं शास्त्री नगर स्थित शास्त्री जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा अरेरा मंडल सांस्कृतिक प्रकोष्ठ द्वारा सुबह साढ़े नौ बजे 11 नंबर बस स्टॉप स्थित गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। साथ ही लाल बहादुर शास्त्री को नमन किया जाएगा। स्वामी विवेकानंद नवयुवक कल्याण परिषद द्वारा नवीन पार्क ऐशबाग में सुबह दस बजे बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर शाम को सुंदरकांड का पाठ किया जाएगा।
भाजपा देगी धरना
गांधी जयंती के अवसर पर भाजपा महंगाई के विरोध में धरना प्रदर्शन करेगी। भाजपा भोपाल जिला ग्रामीण के उपाध्यक्ष अशोक कुमार सोनी के बताया कि धरना प्रदर्शन प्रत्येक वार्ड, नगर पंचायत, नगरपालिका स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
ग्रामसभा आज
राज्य शासन के निर्देश पर दो अक्टूबर गांधी जयंती के मौके पर भोपाल जिले की समस्त 195 ग्राम पंचायतों में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा।
गांधी जी विश्वशांति के प्रणोता
नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती की पूर्व संध्या पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गांधी जी विश्व शांति एवं मानव कल्याण के प्रणोता थे। उन्होंने कहा कि हमें उनके आदर्शे पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।