लुधियाना. स्पोर्ट्स कोटे के तहत भर्ती पुलिस मुलाजिमों को रिवर्ट करने के मामले में एक विशेष समिति बनाई गई है। कमेटी राज्य में तैनात ऐसे मुलाजिमों व अफसरों की खेल उपलब्धियों का आंकलन करेगी। इसमें आईजी (हेडक्वार्टर) पराग जैन, डीआईजी गुरप्रीत दियो शामिल हैं। कमेटी ने स्पोर्ट्स कोटे के मुलाजिमों का रिकार्ड मंगवा लिया है।
जांच-पड़ताल के बाद समिति अपनी रिपोर्ट अफसरों को सौंप सौंपेगी। मुलाजिमों की खेलों में उपलब्धियों को देखकर उनके भविष्य का फैसला तय किया जाएगा। उधर, अपनी तरक्की के लिए कानूनी लड़ाई लड़ रहे सब-इंस्पेक्टरों के अनुसार महकमे के अफसर मामले को लटकाना चाहते हैं। बता दें कि पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के बाद महकमे में स्पोर्ट्स कोटे के मुलाजिमों को रिवर्ट का नोटिस जारी करने शुरू किए थे।
हालांकि इस मामले में डीजीपी के आदेशों के बावजूद अभी तक थानों, चौकियों व विंगों से पंजाब आम्र्ड पुलिस (पीएपी) के मुलाजिमों को हटाया नहीं गया है। सब-इंस्पेक्टरों के अनुसार उन्होंने कभी उन खिलाड़ियों की भर्ती का विरोध नहीं किया है, जिनके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियां हैं।
वह उन सिस्टम का विरोध कर रहे हैं, जिसके तहत मिलीभगत से उन लोगों को भी भर्ती कर लिया गया, जिनकी उपलब्धि है ही नहीं। यही नहीं, ऐसे मुलाजिमों को तरक्की देकर अफसर बना दिया गया था।