Ujjain
जेएनएनयूआरएम में बढ़ा कांग्रेस का रुझान
भास्कर संवाददाता Saturday, October 03, 2009 07:41 [IST]  

उज्जैन. जवाहरलाल नेहरू शहरी नवीकरण मिशन (जेएनएनयूआरएम) में अब कांग्रेस की रुचि जाग गई है। कांग्रेस के जनप्रतिनिधि अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी लेने में जुटे हैं। गुरुवार को महापौर की बैठक के बाद अब शनिवार को महापौर परिषद (एमआईसी) सदस्य योजनाओं की जानकारी लेंगे। इसके लिए सुबह 11.30 बजे ग्रांड होटल सभागृह में विशेष सम्मेलन बुलाया गया है।



आयुक्त चंद्रमौली शुक्ला एवं अधीक्षण यंत्री जगदीश डगांवकर सदस्यों को जानकारी देंगे। बैठक में जेएनएनयूआरएम प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारी मौजूद रहेंगे। जेएनएनयूआरएम में जलप्रदाय योजना की टंकियों और पाइप लाइन बिछाने, सिटी बस प्रोजेक्ट, गरीब बस्ती में मकान निर्माण की योजनाएं स्वीकृत हो चुकी हैं।



महाकाल-गोपाल मंदिर विरासत क्षेत्र, शिप्रा शुद्धिकरण, सीवरेज लाइन, सड़क एवं पुल, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, बाढ़ के पानी की निकासी की योजनाएं प्रस्तावित हैं। बैठक में सदस्य इन योजनाओं को लेकर अपनी जिज्ञासाएं शांत करेंगे।



सांसद भी लेंगे बैठक



5 अक्टूबर को सांसद प्रेमचंद गुड्डू द्वारा भी नगर निगम अधिकारियों की बैठक लेने की संभावना है। उन्होंने इस बारे में निगम अधिकारियों को मौखिक सूचना दे दी है। सांसद योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे तथा नई योजनाओं पर चर्चा करेंगे। कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों द्वारा अचानक जेएनएनयूआरएम में रुचि लेने से नगर निगम में चर्चा छिड़ गई है। इस सक्रियता के कई कयास लगाए जा रहे हैं। इसे आगामी नगर निगम चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: