चंडीगढ़. पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में खेले गए कॉमनवैल्थ वनडे क्रिकेट सीरीज के दूसरे मैच में शनिवार को स्कूल स्पोर्ट ऑस्ट्रेलिया ने टॉम रोजर्स की शानदार पारी की बदौलत एसएफजीआई को 80 रन से हराया।
स्कूल स्पोर्ट ऑस्ट्रेलिया की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 255 रन बनाए। मैन ऑफ द मैच रहे टॉम रोजर्स ने एक छक्के और छह चौकों की मदद से 87 गेंद में 79 रन की शानदार पारी खेली, जबकि मैक्स टॉमकिनसन ने 68 रन का योगदान दिया। एसएफजीआई की ओर से अजरुन अरोड़ा और आदित्य सिंह ने दो-दो खिलाड़ियों को पवैलियन का रास्ता दिखाया।
जवाब में एसएफजीआई की टीम 41 ओवर में 175 रन ही बना पाई। अंकुश बैंस ने सबसे अधिक 49 रन का योगदान दिया। साकीब आमल 31 और आशीष सेहरावत ने 30 रन बनाए। स्कूल स्पोर्ट ऑस्ट्रेलिया की ओर से बैली वेबस्टर ने 34 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि अशटॉन ने 34 रन देकर दो विकेट लिए। रविवार को इन टीमों के बीच तीसरा मुकाबला खेला जाएगा।