जोधपुर. सीमा पार से आने वाले हथियार व विस्फोटकों की डिलीवरी लेने बाड़मेर आने वाले बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े चार और आतंकवादी पंजाब में पकड़े गए हैं। यह चारों गत 4 अगस्त को विस्फोटक व हथियारों की डिलीवरी लेने पहुंचे थे। उस समय तक पाकिस्तान से खेप नहीं पहुंचने के कारण उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा था।
इससे पूर्व दो आतंकवादी 25 सितंबर को पकड़े जा चुके हैं। ये लोग हथियारों की डिलीवरी लेने 7 सितंबर को बाड़मेर पहुंचे थे। इन्हें मिला कर अब तक छह आतंकवादी पकड़े जा चुके हैं जबकि एक जना फरार है। अब तक की पूछताछ में पता चला है कि इन आतंकवादियों को इंग्लैण्ड में रह रहे बब्बर खालसा इंटरनेशनल के परमजीतसिंह पम्मा ने बाड़मेर भेजा था। एटीएस टीम इन छहों को प्रॉडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर बाड़मेर लाएगी।
बीते दिनों राजस्थान पुलिस की सूचना पर पंजाब में पकड़े गए जगमोहनसिंह और हरप्रीतसिंह से सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ के दौरान यह जानकारी मिली थी कि 7 सिंतबर से पहले 14 अगस्त और 4 अगस्त को उनके छह साथी विस्फोटक व हथियार की खेप लेने बाड़मेर गए थे। लूणिया के पास पाकिस्तान से खेप नहीं पहुंच पाने की वजह से दोनों ही बार उन्हें बैरंग जाना पड़ा था।
उन्हें इंग्लैण्ड से बब्बर खालसा इंटरनेशनल के परमजीतसिंह पम्मा ने विस्फोटक की डिलीवरी लेने बाड़मेर भेजा था। इस बीच स्पेशल आपरेशन ग्रुप की सूचना के आधार पर पंजाब पुलिस ने जालंधर के भोगपुर निवासी मनजीतसिंह व जसविन्द्रसिंह,आदमपुर निवासी दिनेश कुमार गोना और जालंधर निवासी कुलदीपसिंह को गिरफ्तार कर लिया। यह चारों 4 अगस्त को स्कोर्पियो गाड़ी में बाड़मेर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें इंग्लैण्ड से परमजीत ने सूचित किया कि हथियारों की खेप अभी नहीं पहुंची है। इस पर वे लौट गए। इन चारों से पूछताछ के लिए जयपुर से एसओजी टीम चंडीगढ़ पहुंच गई है।
इन चारों के अलावा 7 सितंबर को खेप लेने आए जगमोहन व हरप्रीतसिंह को 25 सिंतबर को पंजाब पुलिस ने हत्या के एक मामले में गिरफ्तार किया था। उन्हें आज पटियाला की कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बाड़मेर पुलिस उन्हें प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए लाएगी। उनसे अब तक की पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि 14 अगस्त को बाड़मेर तक खेप लेने हरप्रीतसिंह और हरजोतसिंह आए थे। इनमें से हरजोतसिंह अभी तक फरार है।
उल्लेखनीय है कि दो सप्ताह पूर्व बाड़मेर आई पंजाब पुलिस की टीम को लूणिया उर्फ सोढ़ा खान ने बब्बर खालसा से जुड़े जगमोहन सिंह, हरप्रीतसिंह और हरजोतसिंह के बारे में जानकारी दी थी। उससे सीमा पार से विस्फोटक मंगवाने के नेटवर्क के बारे महत्वपूर्ण में सूचनाएं मिली थीं। इसी आधार पर पंजाब पुलिस ने जगमोहन सिंह और हरप्रीतसिंह को गिरफ्तार किया था।